कासगंज। प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला और पुरुष जूडो प्रतियोगिता के लिए आयोजित मंडलीय ट्रायल में कासगंज के खिलाडियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों वर्गों में चयनित मंडलीय टीमों में जिले के कुल 15 खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी 4 जनवरी से आगरा में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। जिला खेल विभाग ने महिला और पुरुष ट्रायल के बाद 19 खिलाड़ियो को मंडलीय ट्रायल के लिए भेजा। 30 दिसंबर 2025 को महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम, अलीगढ़ में आयोजित मंडलीय ट्रायल में 15 खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर प्रदेश स्तरीय टीम में अपनी जगह बनाई। महिला और पुरुष जूडो खिलाड़ियों ने प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाने का पहला कदम मजबूत तरीके से रखा है। चयनित महिला खिलाड़ियों में चांदनी, खुशबू, सलोनी, दीप्ति, इशरत, प्राची और महक सोनी शामिल हैं। पुरुष खिलाड़ियों में राहुल, अरन राजपूत, सुरेश, चांद बाबू, ध्रुब, मंजेश कुमार, रतीभान और विकास का चयन हुआ। उप क्रीड़ा हरफूल सिंह अधिकारी ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर भी जिले का दबदबा कायम रहेगा और खिलाड़ी अपनी काबिलियत और मेहनत से खेल प्रेमियों को प्रभावित करेंगे।