कानपुर: चौबेपुर में ट्रक ने बुजुर्ग को कुचला, चालक-क्लीनर ने वृद्ध को पानी में फेंका; तीन घंटे बेला रोड जाम
Kanpur News: चौबेपुर के बेला रोड स्थित घिन्नीपुरवा गांव में शौच के लिए गए बुजुर्ग को अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। आरोप है कि हादसे के बाद चालक और क्लीनर ने ट्रक खड़ा कर बुजुर्ग को उठाकर गहरे पानी में फेंक दिया।
-
- 1
-
Link Copied
विस्तार
पानी में काफी देर तक पड़े रहने के कारण बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को बेला रोड पर रखकर जाम लगा दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि ट्रक की चपेट में आने के बाद बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद चालक और क्लीनर ने उन्हें गहरे पानी में फेंक दिया। काफी देर तक पानी में पड़े रहने के कारण उनकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई।
शव रखकर बेला रोड पर लगाया जाम
बुजुर्ग की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को बेला रोड पर रखकर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।
परिजनों ने थाने में दी तहरीर
घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने चौबेपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों के साथ ही चालक और क्लीनर पर लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है।