Mahoba Suicide: फेसबुक स्टेटस पर अपलोड किया सुसाइड नोट, ट्रेन से कटकर दे दी जान
यूपी के महोबा जिले में युवक की आत्महत्या की घटना सामने आई है। युवक ने आत्महत्या करने से पहले सुसाइड नोट फेसबुक स्टेटस पर अपलोड किया था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
विस्तार
झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर एक युवक ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। आत्महत्या करने से पहले युवक ने फेसबुक स्टेटस पर सुसाइड नोट अपलोड किया। जिसमें लिखा कि मैं अपनी खुशी के लिए खुदकुशी कर रहा हूं, किसी का कोई दोष नहीं है।
कस्बा कबरई के आंबेडकर नगर निवासी संजय कुशवाहा (23) की शादी एक वर्ष पहले सामूहिक विवाह सम्मेलन में हुई थी। संजय ट्रक में परिचालक का काम करता था। रविवार सुबह करीब आठ बजे वह चाय पीकर घर से निकल गया और कबरई रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर जान दे दी। सूचना पर पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
मृतक के बड़े भाई विनोद कुशवाहा ने बताया कि वह ट्रक सही कराने गया था। फेसबुक खोलकर देखने पर संजय के स्टेटस में सुसाइड नोट देखा और घर की ओर भागा। तभी सूचना आई कि संजय का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा है। सुसाइड नोट में अपनी मर्जी से आत्महत्या करने और परिजनों व रिश्तेदारों को झूठे आरोप में न फंसाए जाने की बात लिखी। पुलिस ने सुसाइड नोट की प्रति कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।