'भगवान ने छीना हमारा सहारा’: बोलेरो की टक्कर से हुई थी मौत, मां बोली- चला गया जीने का सहारा, जानें पूरा मामला
Unnao Accident: फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में बोलेरो की टक्कर से युवक की मौत हो गई थी। मृतक लालबिहारी माता-पिता का इकलौता सहारा था। उसका शव जब गांव पहुंचा, तो रोते बिलखती मां रामकुमारी को देख सबकी आंखे नम हो गईं।
विस्तार
उन्नाव जिले के बेहटा मुजावर क्षेत्र में बोलेरो की टक्कर से मौत का शिकार हुआ लालबिहारी परिवार का इकलौता सहारा था। मंगलवार को जैसे ही उसका शव अशायस गांव में पहुंचा, तो परिजनों का हाल बेहाल हो गया। माता-पिता का हाल देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
बेहटा मुजावर थानाक्षेत्र के गांव आशायस निवासी लालबिहारी (20) गांव के साथी मोहित (17) के साथ फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के मुन्नीखेड़ा गांव शादी समारोह में शामिल होने गया था। सोमवार देर शाम शादी समारोह से शामिल होकर बाइक से दोनों घर लौट रहे थे।
बरूआघाट- हफीजाबाद मार्ग पर मुन्नीखेड़ा गांव के पास सामने से आ रही बोलेरो की टक्कर से लालबिहारी की घटनास्थल पर मौत हो गई थी, जबकि मोहित घायल हो गया था। परिजनों ने उसे लखनऊ के एक निजी अस्पताल भर्ती कराया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
वहीं, इकलौते बेटे की मौत से मां रामकुमारी और पिता शिवकुमार बेहाल हैं। मृतक की चार बहनों में तीन की शादी हो चुकी है, जबकि एक अविवाहित है। लालबिहारी परचून की दुकान करने के साथ पिता का खेती में हाथ बंटाता था। युवक की मौत से सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
किसान का फंदे से लटका मिला शव
अजगैन कोतवाली के दुंदपुर गांव निवासी विजय शंकर (45) खेती कर परिवार का पालन पोषण करता था। सोमवार रात वह खाना खाने के बाद सोने चले गए। मंगलवार सुबह परिजन जब उठे, तो देखा तो वह कमरे में नहीं थे। काफी देर तक न लौटने पर तलाश शुरू की गई।
परिजन कुछ भी बोलने को तैयार नहीं
तब घर से करीब सात सौ मीटर दूर यूकेलिप्टिस के पेड़ पर रस्सी के फंदे से शव लटका मिला। चौकी इंचार्ज राजेश मिश्रा ने बताया कि परिजन कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। घटना के बाद पत्नी बिट्टी और दो बच्चे बेहाल हैं।