Hardoi: संदिग्ध हालात में घर पर ही युवक की मौत, पत्नी का आरोप- 13 जनवरी को हुई पिटाई के कारण गई जान, जांच शुरू
Hardoi News: बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के रड़ेना हबीबपुर में संदिग्ध हालात में घर पर ही युवक की मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि 13 जनवरी को हुई पिटाई के कारण जान गई है। वहीं, पोस्टमार्टम में हार्ट अटैक की बात सामने आई है।
विस्तार
हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में रड़ेना हबीबनगर गांव में संदिग्ध हालात में बृहस्पतिवार रात एक युवक की घर में ही मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने बीती 13 जनवरी को हुई मारपीट के कारण मौत होने की बात कही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी के बीच कराया गया। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक हार्ट अटैक से मौत होने की बात सामने आई है।
रड़ेना हबीबनगर निवासी छोटेलाल (42) मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार रात छोटेलाल की घर में ही मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पत्नी बीना ने बताया कि गांव के ही जयपाल कुशवाहा के साथ पति छोटेलाल का विवाद चल रहा था। बीती 13 जनवरी को जयपाल कुशवाहा उसके मकान के सामने आकर गाली गलौज करने लगे थे। इसको लेकर विवाद हुआ था।
शव पर चोट के निशान नहीं मिले
बीना का आरोप है कि विवाद के दौरान ही जयपाल कुशवाहा ने उसके पति छोटेलाल की पिटाई कर दी थी। पुलिस को तहरीर भी दी गई थी और पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज किया था। बीना का आरोप है कि पिटाई से घायल होने के कारण छोटेलाल की बृहस्पतिवार रात मौत हो गई। सीओ रवि प्रकाश सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ ने बताया कि प्राथमिक जांच में शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। जयपाल कुशवाहा को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।