मौसम का अलर्ट: आज और कल यूपी के कई शहरों में भारी बारिश की संभावना, विभाग ने दी ये जानकारी
दो दिन से उमस की वजह से परेशान लोगों के लिए अच्छी खबर है। यूपी के कानपुर समेत आसपास के कई शहरों के लिए मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
विभाग की मानें तो कानपुर समेत बांदा, कन्नौज, उन्नाव, इटावा, हमीरपुर, हरदोई, फतेहपुर, घाटमपुर, चित्रकूट आदि शहरों में रविवार और सोमवार को झमाझम बारिश होगी।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के निदेशक नौशाद खान के अनुसार रविवार को फिर से मानसूनी बारिश हो सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की बढ़त के साथ पारा 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 27.6 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिमी हवाओं की वजह से दिन में उमस रही है। अगले दो दिनों तक फिर से बारिश की संभावना है।