पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी व पछुआ हवाअों के चलने से बुंदेलखंड समेत सेंट्रल यूपी के सभी जिलों में बुधवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। कड़ाके की ठंड से लोग पूरे दिन कांपते रहे। कहीं-कहीं बूंदाबांदी से मौसम और बेरहम हो गया। कंपकंपाती ठंड से सभी बेहाल रहे।
अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गयी। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवा का दबाव कम होने के कारण अभी दो दिन मौसम ऐसा ही रहेगा।
कृषि विभाग का कहना है कि यदि तीन-चार दिन तक धूप न निकली और बूंदाबांदी होती रही तो आलू पर झुलसा और परपरा रोग की संभावनाएं बढ़ेंगी। कन्नौज जिले में रूक-रूक कर हुई बूंदाबांदी के कारण फसलों पर कोई असर नहीं पड़ा है।
वहीं उन्नाव में मंगलवार रात अभी तक की सबसे सर्द रात रही। पारे में गिरावट आने से लोगों को ठंड से जूझना पड़ा। दिन में चली बर्फीली हवाओं ने गलन में खासा इजाफा कर दिया। राहगीरों ने जहां भी आग जलते देखी वहीं पर रुककर हाथ पैर सेंके और खुद को गरमाहट दी।
बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। पूरे दिन सूर्यदेव बादलों की ओट से लुकाछिपी करते रहे। इससे तेज धूप न निकलने से लोगों को ठंड बढ़ने का अहसास हुआ।