कानपुर-फर्रुखाबाद रेलमार्ग पर पानी ही पानी, बिल्हौर में कॉशन के साथ ट्रेन संचालन
Kanpur News: दो घंटे की झमाझम बारिश ने बिल्हौर में जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। कानपुर-फर्रुखाबाद रेल रूट स्थित बिल्हौर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर और बलराम नगर का नाला सफाई न होने के कारण उफना गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश से पहले नालों और जलनिकासी के रास्तों की पर्याप्त सफाई नहीं कराई गई। नालियां और नाले चोक होने के कारण लगातार हो रही बारिश का पानी निकल नहीं पा रहा है और रेलवे ट्रैक की ओर पहुंच रहा है। इससे स्टेशन के आसपास जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बारिश का पानी निकलने का रास्ता नहीं मिलने से नगर पालिका मार्केट, रामलीला मैदान, बलराम नगर और ककवन रोड क्रॉसिंग तक जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। स्टेशन से ट्रेन से आने-जाने वाले यात्रियों को भी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
नाला सफाई में लापरवाही से बिगड़े हालात
बताया जा रहा है कि यदि बारिश से पहले नालों की ठीक से सफाई करा दी जाती तो पानी की निकासी आसानी से हो सकती थी। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित हुई और अब लगातार बारिश के बीच रेलवे ट्रैक पर पानी जमा हो गया है।
कॉशन के साथ गुजारी जा रहीं ट्रेनें
ट्रैक पर पानी भरने के बाद रेल प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए ट्रेनों को कॉशन के साथ निकालना शुरू किया है। लगातार बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। रेलवे कर्मचारियों द्वारा ट्रैक की स्थिति की निगरानी की जा रही है।
रेलवे ट्रैक पर जलभराव ने एक बार फिर बारिश से पहले नाला सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार विभागों की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बारिश और नालों के उफनाने से बिल्हौर में जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोगों ने बारिश से पहले नालों की सफाई और स्थायी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।