Vinay Pathak Case: चहेतों पर दिखाई विशेष कृपा, तय वेतनमान से अधिक दिलाया वेतन, लुकआउट नोटिस की तैयारी
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के कुलपति प्रो. विनय पाठक के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की तैयारी है। बता दें कि एसटीएफ को कुलपति की लोकेशन नहीं मिली है। इसके अलावा उनके वेतन संबंधित घपले भी सामने आ गए हैं।
विस्तार
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विनय पाठक ने भर्तियों में अपने चहेतों पर भी विशेष कृपा बरसाई। स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में कंप्यूटर साइंस विभाग के लिए निकाले गए विज्ञापन में तय वेतनमान से अधिक वेतन एक चयनित प्रोफेसर को उपलब्ध करया गया।
कांट्रैक्चुअल सेल्फ फाइनेंस स्कीम के तहत हुई इस भर्ती में की गई मनमानी की शिकायत ट्विटर के जरिए मुख्यमंत्री से की गई है। पाठक ने चहेतों दरअसल विश्विद्यालय की ओर से 26 मई को निकाले गए विज्ञापन में प्रोफेसर पद के लिए 70 हजार से एक लाख रुपये तक वेतनमान तय किया गया।
31 अगस्त को जारी हुई चयनित अभ्यर्थियों की सूची में एक प्रोफेसर का वेतन एक लाख 40 हजार रुपये स्वीकृत कर दिया गया। मामला प्रकाश में आने के बाद शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी रहे कल्याणपुर निवासी डॉ. घनश्याम मिश्रा ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की है।
एसटीएफ ने की लुकआउट नोटिस की तैयारी
कुलपति प्रो. विनय पाठक गायब हो गए हैं। उनका मोबाइल स्विच ऑफ है और उनकी लोकेशन भी नहीं मिल रही है। एसटीएफ ने उन्हें दोबारा ई-मेल करके मोबाइल नंबर, अटेंडेंट का मोबाइल नंबर और लोकेशन भेजने को कहा है।
वहीं, सूत्रों का कहना है कि एसटीएफ अब पाठक के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है। एसटीएफ पाठक के पासपोर्ट की जानकारी भी जुटा रही है। जांच एजेंसी ने क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय और छत्रपति शाहू जी महाराज विवि कानपुर के कुलपति कार्यालय को पत्र भेज कर इस संबंध में जानकारी मांगी है।
एसटीएफ यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अब तक पाठक ने कितनी विदेश यात्राएं कीं? किन देशों की यात्राएं अधिक रहीं और विदेश यात्राओं का उद्देश्य क्या था? क्या विदेश यात्राएं सरकारी खर्चे पर की गई? इन सारे सवालों का जवाब तलाशा जा रहा है।