UP: आज और कल बंद रहेगा यमुना पुल से वाहनों का आवागमन, 17 नंबर पिलर पर शुरू होगा कार्य, ऐसा रहेगा रूट डायवर्जन
Kanpur News: पीएनसी के प्रोजेक्ट मैनेजर एमपी वर्मा ने बताया कि शनिवार को 17 नंबर पिलर की लिफ्टिंग कर बेयरिंग बदलने व मरम्मत करने का काम शुरू किया जाएगा। इस दौरान वाहन निकलना किसी खतरे से खाली नहीं है। इसके चलते कोई भी रिस्क नहीं लिया जा सकता है।
विस्तार
कानपुर-सागर हाईवे (एनएच-34) पर स्थित यमुना पुल की मरम्मत के चलते शनिवार व रविवार दो दिन के लिए यमुना पुल से आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। डीएम ने नाव से नदी पार करने पर रोक लगा दी है। आदेश की अवहेलना करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुल से केवल पैदल यात्री निकल सकेंगे। यमुना पुल पर सुबह छह बजे से पुल की लिफ्टिंग कर बेयरिंग बदलने का काम शुरू किया जाएगा।
एनएचएआई व पीएनसी की टीमें लगातार 48 घंटे तक मरम्मत कार्य करेंगी। हालांकि कार्य केवल दिन में किया जा रहा है। इस दौरान पुल से आवागमन 48 घंटे के लिए बंद रहेगा। यमुना पुल की मरम्मत का कार्य 14 जून से 21 जुलाई तक होना है। पिछले 14 व 15 जून को 14 नंबर पिलर की आठ बेयरिंग पर काम किया गया था।
पैदल निकलने में दी गई है छूट
इस पुल के छह पिलरों की बेयरिंग बदली जानी हैं। इसके चलते हर सप्ताह के प्रत्येक शनिवार व रविवार को पुल की मरम्मत की जानी है। इस दौरान सभी छोटे व बड़े वाहनों पर पुल से आवागमन में रोक रहेगी। केवल राहगीरों को पैदल निकलने में छूट दी गई है, जबकि अन्य सभी वाहनों को रूट डायवर्ट किया गया है।
कोई भी रिस्क नहीं लिया जा सकता
पीएनसी के प्रोजेक्ट मैनेजर एमपी वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को 15 नंबर पिलर का प्लेटफार्म तैयार करने व साफ सफाई सहित ग्रीसिंग आदि का कार्य चलता रहा। शनिवार को 17 नंबर पिलर की लिफ्टिंग कर बेयरिंग बदलने व मरम्मत करने का काम शुरू किया जाएगा। इस दौरान वाहन निकलना किसी खतरे से खाली नहीं है। इसके चलते कोई भी रिस्क नहीं लिया जा सकता है। वाहनों को दो दिन निर्धारित रूट के अनुसार ही चलना होगा।
इन तिथियों में यमुना पुल से न करें आवागमन
यमुना पुल की मरम्मत का कार्य शनिवार व रविवार को फिर से शुरू किया जा रहा है। ऐसे में 14, 15, 21, 22, 28 व 29 जून के अलावा 5, 6, 12, 13, 19 व 20 जुलाई को पुल पर आवागमन बंद रहेगा। इन तिथियों में किसी को कानपुर जाना है तो दूसरे मार्गों से यात्रा करें। यमुना पुल से आवागमन बंद रहेगा।
यह है वाहनों का रूट डायवर्जन
कानपुर से हमीरपुर की ओर जाने वाले वाहन
- कानपुर से चौडगरा, बांदा होते हुए कबरई - कानपुर से कालपी, उरई एवं बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे होते हुए कबरई
- कानपुर से चौडगरा, पपरेंदा हाेते हुए सुमेरपुर
- कानपुर से मूसानगर, मनकी पुल एवं कुरारा होते हुए हमीरपुर
- घाटमपुर से मूसानगर, मनकी पुल एवं कुरारा होते हुए हमीरपुर
महोबा से कानपुर जाने वाले वाहन
- महोबा की ओर से हमीरपुर, कानपुर जाने वाले वाहन कबरई से बांदा, चौडगरा एवं खन्ना बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से होते हुए कानपुर को प्रस्थान करेंगे।
- कस्बा मौदहा व सुमेरपुर से कानपुर की ओर जाने वाले वाहन बांदा क्षेत्र से होते हुए कानपुर को जाएंगे।
- कस्बा मौदहा व सुमेरपुर से हमीरपुर व कानपुर की ओर जाने वाले वाहन कुरारा मार्ग से मनकी पुल व जुल्हूपुर मोड़ से कालपी मार्ग होते हुए कानपुर को जाएंगे।
- राठ, सरीला क्षेत्र से कानपुर की ओर जाने वाले छोटे बड़े वाहन उरई जालौन मार्ग होते हुए कानपुर की ओर प्रस्थान करेंगे।
किसी भी सहायता के लिए करें संपर्क
जिले के सभी प्रमुख स्थानों व बैरियरों पर स्थानीय थाना पुलिस व यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। किसी भी यातायात संबंधी समस्या या सहायता के लिए निम्न नंबरों - 9473987561/ 8532830132/ 9454403545 पर संपर्क कर सकते हैं। आपातकालीन स्थित में यूपी 112 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
शनिवार और रविवार को यमुना पुल की मरम्मत की जाएगी। इस दौरान कोई भी वाहन पुल से नहीं गुजर सकेगा। जगह-जगह पुलिस व यातायात विभाग की टीमें लगाई गई हैं। नाव से नदी पार करने पर रोक लगाई गई है। नदी घाटों में भी पुलिस तैनात की जाएगी। -घनश्याम मीना, डीएम