Kanpur: पावर कॉरपोरेशन ने लागू की ओटीएस, दो लाख उपभोक्ताओं का ब्याज होगा माफ, ऐसे ले सकते हैं योजना का फायदा
Kanpur News: बकायेदार उपभोक्ता अपना पुराना बकाया चुकाने के लिए केस्को के एसडीओ और एक्सईएन से मिलकर बकाये की ब्याज रहित मूल धनराशि जान लें। इसके बाद पंजीकरण कराएं। ओटीएस स्कीम के तहत तीन श्रेणियों में आठ से 30 नवंबर तक, एक से 15 दिसंबर और 16 से 31 दिसंबर तक पंजीकरण कराया जा सकता है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन की ओर से शुरू की गई एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) केस्को के करीब दो लाख बकायेदारों के लिए वरदान साबित होगी। इसका सबसे ज्यादा लाभ उन पुराने उपभोक्ताओं को मिलेगा, जिनका बिजली बिल का बकाया दशकों पुराना है और उनके पास चुकाने के लिए नोटिस भी आने लगे हैं। दो लाख बकायेदारों पर 2129 करोड़ रुपये बाकी है। इसमें करीब 1600 करोड़ रुपये तो केवल ब्याज है।
करीब दो हजार उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनका बकाया 123 साल पुराना है। निर्धारित तिथि में रजिस्ट्रेशन कराने पर 50 से 100 प्रतिशत तक ब्याज माफ हो जाएगा। योजना घरेलू के साथ कॉमर्शियल, निजी संस्थान, निजी नलकूप और लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों के कनेक्शनधारकों के लिए है। योजना के तहत बकाया छह से 12 किस्तों में भी जमा किया जा सकेगा। यह योजना आठ नवंबर से शुरू हो रही है।
इस तरह ले सकते हैं योजना का फायदा
बकायेदार उपभोक्ता अपना पुराना बकाया चुकाने के लिए केस्को के एसडीओ और एक्सईएन से मिलकर बकाये की ब्याज रहित मूल धनराशि जान लें। इसके बाद पंजीकरण कराएं। ओटीएस स्कीम के तहत तीन श्रेणियों में आठ से 30 नवंबर तक, एक से 15 दिसंबर और 16 से 31 दिसंबर तक पंजीकरण कराया जा सकता है। तीनों श्रेणियों जितना पहले पंजीकरण कराएंगे, उसमें उतना लाभ मिलेगा।
जानें... किस तरह और कितनी छूट पा सकते हैं
- एक किलोवाट तक के घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं को पूरी मूल धनराशि का भुगतान करने पर 100 प्रतिशत तक विलंब अधिभार (सरचार्ज) माफ होगा। 12 किस्तों में देने पर सरचार्ज 90 प्रतिशत तक माफ होगा।
- एक किलोवाट से अधिक भार के घरेलू उपभोक्ताओं को पूरा भुगतान करने पर 90 प्रतिशत, तीन किस्तों में 80 प्रतिशत और छह किस्तों में 70 प्रतिशत की सरचार्ज माफी मिलेगी।
- तीन किलोवाट तक के कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को पूर्ण भुगतान पर 80 प्रतिशत, तीन किस्तों में 70 प्रतिशत की छूट मिलेगी। तीन किलोवाट से अधिक के कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को पूर्ण भुगतान पर सरचार्ज पर 60 प्रतिशत और तीन किस्तों में भुगतान पर 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
भुगतान के लिए 16216 की कट चुकी है आरसी
अब तक 16216 बकायेदारों की तहसील से आरसी कट गई है और नोटिस तामील कराए जा रहे हैं। 2008 के ऑफलाइन रिकॉर्ड के पहले एक लाख 70 हजार उपभोक्ताओं पर ब्याज सहित 1985 करोड़ रुपये बिजली का बिल बाकी है, जबकि 2008 के बाद के ऑनलाइन 30,335 उपभोक्ताओं पर 144.32 करोड़ रुपये बाकी है।
एकमुश्त समाधान योजना का सबसे बड़ा फायदा केस्को के उन उपभोक्ताओं को होगा, जिनका काफी पुराना बकाया सरचार्ज सहित कई गुना अधिक हो गया है। समय से पंजीकरण कराकर इस योजना का लाभ लें। -सैमुअल पॉल एन, एमडी, केस्को