UP T-20 League: नीलामी में मर्की प्लेयर 10 लाख में बिकेंगे, खिलाड़ियों का लखनऊ में चयन, इन पिचों पर होंगे मैच
Kanpur Sports News: उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से ग्रीनपार्क में होने जा रही यूपी टी-20 लीग में संकट के बादल छा गए है। एसोसिएशन के निदेशक रियासत अली ने ग्रीनपार्क स्टेडियम का शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रीनपार्क में सबसे पहले पार्किंग की समस्या सामने आई।
विस्तार
कानपुर में आईपीएल की तर्ज पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से पहली बार खेली जाने वाली यूपी टी-20 लीग के लिए खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया रविवार को लखनऊ के होटल ताज में होगी। इसमें मर्की प्लेयर को 10 लाख रुपये में खरीदा जाएगा।
रणजी प्लेयर को पांच लाख, दो साल में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अंडर-19 व अंडर- 23 खिलाड़ियों को तीन लाख में खरीदा जाएगा। उदीयमान खिलाड़ियों (अंडर-16 से अंडर-19 तक के खिलाड़ी) को डेढ़ लाख रुपये में फ्रेंचाइजी खरीदेंगी। मर्की प्लेयर के तौर पर फ्रेंचाइजी दो खिलाड़ियों का चयन करेगी।
अधिकतम तीन रणजी प्लेयर पांच-पांच लाख रुपये में खरीदेगी। वहीं, अंडर-19 और 23 के लिए घरेलू स्तर पर दो साल में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले चार-चार खिलाड़ियों का फ्रेंचाइजी खरीदेंगी। उदीयमान 11 खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी खरीद सकेंगी। बता दें कि टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों में काफी उत्साह है।
इन पिचों पर होंगे मैच
लीग में कुल 33 मुकाबले खेले जाने हैं। इसके लिए ग्रीनपार्क में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यहां बनी नौ पिच में पांच का उपयोग टूर्नामेंट के लिए किया जाएगा। इसके लिए तीन, चार, पांच, छह और सात नंबर पिच को तैयार किया जा रहा है। यह फैसला पिछले दिनों यहां का निरीक्षण करने आई प्रसारण कंपनी जियो से बात होने के बाद तय हुआ है। दो स्ट्रिप विकेट भी बनाई जाएंगी जो तीन और सात नंबर पिच के बगल में होंगी।
मैच की नहीं जमा की फीस, शुरू कर दी तैयारी
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से ग्रीनपार्क में होने जा रही यूपी टी-20 लीग में संकट के बादल छा गए है। एसोसिएशन के निदेशक रियासत अली ने ग्रीनपार्क स्टेडियम का शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रीनपार्क में सबसे पहले पार्किंग की समस्या सामने आई। स्टेडियम में लगी लाइट का फोकस कम पाया गया।
31 लाख 25 हजार रुपये फीस
दो दिन पूर्व प्रसारण की टीम ने अलग से लाइट लगाने के लिए एसोसिएशन से कहा था। वहीं, यूपीसीए ने स्टेडियम की फीस अभी तक नहीं जमा की है। जिलाधिकारी विशाख जी ने एसोसिएशन को पत्र जारी कर फीस जमा कराने को कहा है। एसोसिएशन को प्रति मैच के हिसाब से 31 लाख 25 हजार रुपये फीस देनी होगी।
डीएम से फीस माफ करने की मांग
इस हिसाब से एसोसिएशन को राज्य कोष के खाते में 10,31,25000 रुपये जमा करने होंगे। एसोसिएशन के पदाधिकारियों संग शनिवार को हुई बैठक में डीएम से पदाधिकारियों ने फीस माफ करने की मांग की। डीएम ने कहा कि मेरे हाथ में फीस माफ करना नहीं है। शासन स्तर पर ही फीस माफ की जा सकती है। ऐसा न करने पर लीग का कोई भी मैच ग्रीनपार्क स्टेडियम में नहीं खेला जाएगा।