Unnao: प्रेम-प्रसंग में बाधक बनी पत्नी की धारदार हथियार से वार कर हत्या, मौके से पुलिस को मिला ये सामान
Unnao Crime: यूपी के उन्नाव जिले में महिला की धारदार हथियार से वार कर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उन्नाव जिले के शुक्लागंज गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में एक महिला की धारदार हथियार से गले व सिर में वारकर हत्या कर दी गई। शव मायके से करीब 500 मीटर दूर खेत में मिला। मृतका के भाई के अनुसार बहन कुछ दिनों से मायके में थी। शनिवार को जीजा (मृतका के पति) से फोन पर बात करने के बाद बहन घर से निकली थी, तब से नहीं लौटी। आरोप है कि उसके पति ने ही उसकी हत्या की है, क्योंकि वह पति के प्रेम-प्रसंग में बाधक बनी थी। पुलिस ने पति सहित पांच के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
जाजमऊ के ग्राम सिपाहिन्न खेड़ा निवासी 28 वर्षीय कांति देवी पत्नी कुलदीप की हत्या कर फेंका गया। शव सोमवार सुबह गांव से कुछ दूर पर इसी गांव निवासी पप्पू रैदास के खेत में मिला। मृतका के भाई अमित पाल ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन की शादी करीब 8 वर्ष पहले थाना अचलगंज के हाडहा गांव निवासी कुलदीप से की थी। विवाह के बाद से ही बहन को पति परेशान करता था। कई बार झगड़ा हुआ।
इस बीच बहन को 2 बच्चे हुए। जिनकी उम्र 5 वर्ष व दूसरे की 7 वर्ष है। भाई का आरोप है कि जीजा कुलदीप का गांव में ही रहने वाली एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कांति विरोध करती थी इसी बात की नाराजगी को लेकर अक्सर झगड़ा होता था। भाई ने बताया कि बहन को पता चला कि उनके पति ने कोर्ट मैरिज भी कर ली है, इससे नाराज होकर कांति चार दिन पहले मायके आ गई थी। जबकि उसके बच्चे ससुराल में ही थे।
अमित के अनुसार शनिवार रात करीब 11 बजे कुलदीप ने बहन कांति को फोन करके गांव के बाहर बुलाया था, इसके बाद से बहन लापता थी। पुलिस चौकी में इसकी सूचना भी दी थी। एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना, सीओ सिटी आशुतोष कुमार भी घटनास्थल पहुंचे। शव के पास ही एक फावड़ा भी पुलिस को मिला है। आशंका जताई जा रही है कि इसी से हत्या की गई है। गर्दन व सिर पर कई वार किए गए हैं। सीओ सिटी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के भाई की तहरीर पर, पति कुलदीप, कुलदीप की प्रेमिका, मृतका के देवर, सास व एक एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। हत्यारोपी की तलाश जारी है।