Unnao Accident: ट्रक और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत, टक्कर के बाद दहक उठे वाहन, दमकल ने पाया काबू, तीन घायल
Unnao News: उन्नाव के चकलवंसी-संडीला मार्ग पर नींद की झपकी से डंपर और ट्रक में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद लगी आग से गाड़ियां जलकर राख हो गईं। हालांकि समय रहते तीनों घायलों को बचा लिया गया।
विस्तार
उन्नाव जिले में सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के चकलवंसी-संडीला मार्ग पर अजमतनगर गांव के पास सुबह करीब तीन बजे ट्रक और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत में दोनों वाहनों में आग लग गई। दोनों गाड़ियों के चालक और क्लीनर घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग पर काबू पाया। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
बाराबंकी जिले के थाना देवाक्षेत्र के गांव जहांगीराबाद निवासी डंपर चालक रविकांत पुत्र बृजकिशोर और क्लीनर देवा कस्बे के ही मोहल्ला कचरान निवासी अमित यादव पुत्र संतराम ने बताया कि वह उरई से मौरंग लेकर शुक्रवार रात बाराबंकी जा रहे थे। चकलवंसी-संडीला मार्ग पर अजमतनगर गांव के पास देर रात सामने से आ रहे कोल्डड्रिंक लदे ट्रक से उनकी भिड़ंत हो गई।
वाहनों में फंसे चालक और क्लीनर को निकाला
टक्कर इतनी तेज थी कि धमाके के साथ दोनों गाड़ियों में आग लग गई। धमाके की आवाज सुन आसपास रहने वाले लोग दौड़े। दोनों वाहनों में फंसे चालक और क्लीनर को निकाला पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस और दमकल पहुंची तब आग पर काबू पाया जा सका। घटना में डंपर के चालक और क्लीनर व ट्रक चालक हरदोई जिले के मोबिनाबाद चौराहा निवासी अदनान पुत्र राजीव उर्फ रज्जन को चोटें आईं।
हादसे की वजह बना झपकी आना
अदनान ने बताया कि वह कोल्डड्रिंक लेकर कोंच जा रहा था। घायल रविकांत और अमित यादव को सफीपुर सीएचसी और अदनान को मियागंज स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की छुट्टी कर दी। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि झपकी आने से दुर्घटना होने की बात बताई जा रही है। घायलों की हालत में सुधार है। वाहनों को किनारे कर यातायात सामान्य कर दिया गया है।