उन्नाव: पिता ने बेटों संग की छोटे बेटे की हत्या, धारदार हथियार से काटा, बंटवारे को लेकर था विवाद, एक गिरफ्तार
Unnao Murder News: गंजमुरादाबाद के मोहल्ला खत्रियाना में पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे के विवाद में पिता और भाइयों ने मिलकर लोडर चालक की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने एक दिव्यांग भाई को हिरासत में लिया है, जबकि पिता व अन्य आरोपी घर में ताला लगाकर फरार हो गए हैं।
विस्तार
उन्नाव जिले के गंजमुरादाबाद के मोहल्ला खत्रियाना में घर के बटवारे को लेकर चल रहे विवाद में पिता और भाई ने मिलकर तीसरे नंबर के भाई को कमरे में बंद कर पहले हत्या का प्रयास किया। लेकिन जब वह कुंडी खोलकर भागने लगा, तो धारदार हथियार से कई वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। घटना स्थल से करीब 20 मीटर दूर सड़क पर जाकर वह गिरा और मौत हो गई।
पुलिस ने जांच की और एक दिव्यांग भाई को हिरासत में लिया है। वहीं, अन्य आरोपी मौके से भाग निकले। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के कस्बा गंजमुरादाबाद के मोहल्ला खत्रियाना निवासी दिलशाद मोची उर्फ पप्पू (35) पुत्र मुर्तजा मोची अपना लोडर चलाता था। उसी से वह परिवार का पालन पोषण करता था। परिवार में कई वर्षों से घर के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।
धारदार हथियार से हमला बोला
मंगलवार शाम घर में वाशिंग मशीन रखने को लेकर उसकी पत्नी सोफिया से विवाद हो गया। इस पर परिजनों ने सोफिया के साथ मारपीट की, जिसकी शिकायत डायल 112 पर की गई थी। पुलिस ने घर आकर परिजनों को समझा दिया था। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह लोडर लेकर घर पहुंचा था कि परिजनों ने घर के दरवाजे की अंदर से कुंडी बंद कर किसी धारदार हथियार से हमला बोल दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
उसके सीने और अन्य स्थानों पर गहरे घाव हो जाने से वह किसी प्रकार कुंडी खोलकर बाहर भागा, लेकिन 20 मीटर दूर जाकर गिर गया और वहीं उसने दम तोड़ दिया। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। घटना के बाद पूरा परिवार घर में ताला डाल मौके से भाग निकला। मृतक की पत्नी सोफिया ने ससुर मुर्तजा, उसके पुत्र शहजाद, एजाज और इरशाद पर हत्या का आरोप लगाया है। कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि घर के बंटवारे को लेकर विवाद में हत्या हुई है। हत्यारोपी मौके से भाग निकले हैं। मृतक के दिव्यांग भाई इरशाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।