Unnao: घूरा हटाने को लेकर विवाद, दो पक्षों में चले लाठी-डंडे…पूर्व प्रधान की मौत, आठ पर केस और पांच गिरफ्तार
Unnao News: धमियाना गांव में घूरा हटाने को लेकर हुए विवाद में पूर्व प्रधान की लाठी लगने से मौत हो गई। इस घटना में उनकी पत्नी और बेटी घायल हो गईं। पुलिस ने मौजूदा प्रधान सहित आठ लोगों पर केस दर्ज कर पांच को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
उन्नाव जिले में औरास थाना क्षेत्र के धमियाना गांव में घूरा यानि कचरे का ढेर हटाने को लेकर हुए विवाद में एक पूर्व प्रधान की जान चली गई। शनिवार रात हुए इस खूनी संघर्ष में पूर्व प्रधान रामबिलास (49) के सिर पर डंडा लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटी घायल हो गईं।
पूर्व प्रधान रामबिलास के घर के सामने मौजूदा प्रधान हरिपाल यादव के कुछ समर्थक तीन साल से घूरा डाल रहे थे। रामबिलास ने इसे हटाने के लिए एसडीएम से शिकायत की थी, जिसके बाद 6 अगस्त को टीम ने घूरा हटवा दिया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी।
गंभीर हालत में कानपुर हैलट रेफर
शनिवार रात लगभग नौ बजे इसी रंजिश के चलते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। मारपीट में रामबिलास की मौत हो गई। उनकी पत्नी गुड्डी को गंभीर हालत में कानपुर हैलट रेफर किया गया, जबकि बेटी मोनिका का सीएचसी में इलाज चल रहा है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मृतक के भतीजे चंद्रप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने मौजूदा प्रधान हरिपाल यादव समेत आठ लोगों पर गैर इरादतन हत्या, दंगा और घातक हथियार के प्रयोग सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।