Unnao Accident: लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत, दंपती की मौत और आरोपी बाइक सवार फरार, तलाश जारी
Unnao News: हसनगंज में नेवलगंज के पास दो बाइकों की भिड़ंत में दंपती की मौत हो गई। होली पर समधी के घर जाते समय हुए हादसा हुआ है। वहीं, आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया है।
विस्तार
उन्नाव जिले के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर नेवलगंज गांव के पास बुधवार दोपहर ढाई बजे बाइकों की भिड़ंत में दंपती की मौत हो गई। घटना के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से भाग निकला। मौके से भाग निकला बाइक सवार हेलमेट लगाए थे। लखनऊ जिले के थाना काकोरी क्षेत्र के बदबदाखेड़ा गांव निवासी हीरालाल (52) पुत्र कुशहेर अपनी पत्नी रूपरानी (48) के साथ मोहान चौकी क्षेत्र के ऊंचाद्वार गांव में रहने वाले अपने समधी रामशंकर रावत के घर बाइक से जा रहे थे।
लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर नेवलगंज गांव के पास पहुंचे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में टकरा गई। घटना में दंपती घायल हो गए, जबकि दूसरा बाइक सवार लखनऊ की ओर भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायल दंपती को स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन परिजन निजी अस्पताल लेकर गए।
तहरीर मिलने पर दर्ज होगी प्राथमिकी
वहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। दोनों की मौत से कोहराम मच गया। होली पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। बेटे उत्तम ने बताया कि पिता खेती करते थे। माता-पिता की मौत से तीन बेटे और बहू बेहाल हैं। कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि बाइक की टक्कर से दूसरे बाइक सवार दंपती की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फरार बाइक चालक की तलाश जारी है।