Unnao Road Accident: एक्सप्रेसवे पर बस में पीछे से टकराई कार, दरोगा की मौत और सिपाही सहित पांच घायल
Unnao News: बांगरमऊ टोल प्लाजा पर बस चालक के अचानक ब्रेक लगाने से दर्दनाक हादसा हो गया। मामले में कोतवाल चंद्रकांत सिंह ने बताया कि घटना में दरोगा की मौत हुई है और सिपाही सहित पांच लोग घायल हैं।
विस्तार
उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ स्थित टोल प्लाजा के पास शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इसके चलते अर्टिगा कार बस में पीछे से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे दरोगा की मौत हो गई, जबकि एक सिपाही सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे के बाद बस छोड़कर चालक भाग गया। अमेठी जिले के थाना गुरसहायगंज निवासी सूरज (25) गांव की ही 19 साल की युति को साथ लेकर सात जून को राजस्थान के जोधपुर के गांव पाली लेकर चला गया था। युवती के पिता ने युवक पर बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मंगलवार रात गए थे राजस्थान
लोकेशन मिलने पर अमेठी सदर कोतवाली में तैनात दरोगा मंजीत सिंह (35) एक सिपाही के साथ युवती के मामा थाना संग्रामपुर के गांव गपवन निवासी पवन, उसके दोस्त धर्मेंद्र और सुल्तानपुर जिले के थाना बिहार के गांव हरीपुर बंधना निवासी संतोष के साथ मंगलवार रात राजस्थान गए थे।
चालक ने अचानक लगा दी ब्रेक
युवक और युवती को लेकर अमेठी लौट रहे थे। एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ स्थित टोल प्लाजा के पास सुबह साढ़े पांच बजे टोल प्लाजा के पास एक स्लीपर बस के चालक ने अचानक ब्रेक लग दी। इससे कार चला रहे दरोगा मंजीत सिंह नियंत्रित नहीं कर पाए और कार बस में पीछे से टकरा गई।
चालक बस छोड़कर फरार
कार में फंसे दरोगा को निकालने में करीब दो घंटे लग गए और उनकी मौत हो गई। युवक, युवती के अलावा, सिपाही, पवन और संतोष घायल हो गए। वहीं, धर्मेंद्र बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद बस के दोनों चालक बस छोड़कर भाग गए। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।