UP: हीटवेव से लोगों को बचाने के लिए प्रशासन का अनूठा अभियान, गांव-गांव में डुग्गी पिटवाकर कराई जा रही मुनादी
Mahoba News: अपर जिलाधिकारी रामप्रकाश का कहना है कि लू व गर्मी से मरीजों की संख्या बढ़ी है। कुछ लोगों की मौत की बात सामने आई है। उन्होंने लू लगने से किसी की मौत होने पर पोस्टमार्टम कराने की अपील की है, ताकि मौत के सही कारणों के साथ मृतक परिवार को सरकारी मदद भी मिल सके।
विस्तार
बुंदेलखंड की पठारी धरती में आग उगलती सूर्य की किरणें और लू के थपेड़ों के बीच लगातार हो रही मौतों को लेकर प्रशासन ने अनूठा अभियान शुरू किया है। लोगों को लू से बचाने के लिए गांव-गांव में डुग्गी पिटवाकर मुनादी कराई जा रही है। मुनादी के दौरान लोगों को सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक घरों से बाहर न निकलने की अपील की जा रही है।
महोबा जिले में एक सप्ताह से अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री के इर्द-गिर्द घूम रहा है। तीन दिन के अंदर लू व गर्मी से 28 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रशासन मौत के सही कारणों का पता लगाने में जुटा है। इसके अलावा जिला अस्पताल में भारी संख्या में उल्टी, दस्त और बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। लू व गर्मी के मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने अब लोगों को जागरूक करने के लिए अनूठी पहल शुरू की है।
धूप से बचाव की व्यवस्था और पानी लेकर निकलें
ग्रामीण क्षेत्रों में डुग्गी पिटवाकर मुनादी कराई जा रही है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि भीषण गर्मी में बेवजह घरों से बाहर न निकलें। यदि जरूरत हो तो धूप से बचाव की व्यवस्था और पानी लेकर निकलें। सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक घरों से बाहर न आएं।
30 से अधिक गांवों में मुनादी कराई गई
शुक्रवार को तहसीलदार पुष्पक ने लेखपाल व कानूनगो के साथ लोहारी, गोरखा, छेदीमऊ, अस्थौन, कनेरा, करहराखुर्द, कुरौराडांग, फतेहपुर समेत 30 से अधिक गांवों में मुनादी कराई। लेखपाल लक्ष्मण सिंह ने बताया कि शेष बचे गांवों में भी मुनादी कराई जा रही है। अपर जिलाधिकारी रामप्रकाश का कहना है कि लू व गर्मी से मरीजों की संख्या बढ़ी है।
मृतक परिवार को सरकारी मदद भी मिल सके
कुछ लोगों की मौत की बात सामने आई है। उन्होंने लू लगने से किसी की मौत होने पर पोस्टमार्टम कराने की अपील की है, ताकि मौत के सही कारणों के साथ मृतक परिवार को सरकारी मदद भी मिल सके। बताया कि लू की चपेट में कोई न आए, इसके लिए जागरूक करने के हर कदम उठाए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।