Banda: दो महिलाओं ने सचिव पर लगाए यौन शोषण के आरोप, समाजसेवी संगठन से जुड़ी हैं महिलाएं, रिपोर्ट कराने की मांग
Banda News: समाजसेवी संगठन की दोनों महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पेश होकर शिकायती पत्र सौंपे हैं। साथ ही, रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
विस्तार
बांदा जिले में एक समाजसेवी संगठन से जुड़ीं दो महिलाओं ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आकर संगठन के सचिव पर यौन शोषण समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों महिलाओं ने संगठन के पदाधिकारी के खिलाफ शिकायत करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। उधर, शिकायत की प्रतियां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, महिला आयोग, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, डीआईजी व पुलिस अधीक्षक को भी सौंपी है।
चित्रकूट की मूल निवासी व नरैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे पत्र में बताया कि जिले में संचालित एक समाजसेवी संगठन में वह सामुदायिक कार्यकर्ता के रूप में काम करती थीं। उसी दौरान संगठन के सचिव ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाएं। इस काम में उनका सहयोग संगठन की संयोजिका भी करती रहीं। सचिव ने इसका फायदा उठाकर उसके नाम से एक सामाजिक कार्यकर्ता के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा भी दर्ज कराया था, जो फर्जी था।
अश्लील वीडियो व फोटो वायरल करने की देता है धमकी
महिला के मुताबिक, इसके लिए समाज कल्याण विभाग से उसे अनुसूचित जाति कल्याण योजना से आर्थिक मदद के तौर पर डेढ़ लाख रुपये मिला था। यह रुपये सचिव हड़पना चाहता है। जब महिला ने मना किया, तो उसे अपमानित कर नौकरी से निकाल दिया गया। सचिव के पास उसके कुछ अश्लील वीडियो व फोटो भी हैं। उनको वायरल करने की धमकी भी देता था। इसके अलावा महिला ने और भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
उधर, एक संगठन की जिलाध्यक्ष महिला ने भी इसी संगठन के सचिव पर मानदेय में कटौती करने और उड़ीसा ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पत्र में लिखा है कि सचिव ने संस्था से हटा दिया है और अब फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी देता है। दोनों महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।