मौत के गड्ढे में गिरा मासूम, खिलौना निकालने गया था, जिंदा वापस न लौटा
-उन्नाव में असोहा व आसीवन थाना क्षेत्रों में हुई घटनाएं
-ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी में उन्नाव जिले के असोहा के जोरावरगंज में छोटेलाल रावत पर शुक्रवार की सुबह कोहराम बनकर टूटी। छोटेलाल का पांच साल का पुत्र अनिकेत (5) करीब 11 बजे खेलते-खेलते घर से लगभग दो सौ मीटर दूर चला गया। वहां सड़क किनारे निर्माण कार्य के लिए मिट्टी निकालने से गहरा गड्ढा बन गया था, जिसमें पानी भरा था।
अनिकेत का का खिलौना उसी गड्ढे में गिर गया। खिलौना निकालने के चक्कर में अनिकेत भी उसी गड्ढे में गिर गया और डूबकर उसकी मौत हो गई। देर तक जब वह घर नहीं आया तो परिजनों ने तलाश शुरू की। तब गड्ढे में उसका उतराया शव मिला। ग्रामीणों ने बताया कि असावर-मुबारकपुर मार्ग पर करीब साल भर पहले पीडब्ल्यूडी ने सड़क का निर्माण कराया था। मिट्टी भरान न होने से सड़क के दोनों तरफ गहरे गड्ढे हो गए। इसमें करीब 10 से 20 फीट पानी भरा है।
बच्चे की मौत पर मां गुड़िया व दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर चकलवंशी थाना क्षेत्र के आसीवन में भी ऐसी ही घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। यहां सिद्धनाथ गांव के संत कुमार का पुत्र राज (7) कक्षा एक का छात्र था। वह गुरुवार को बड़े भाई राजा और दोस्तों के साथ गांव के बाहर खेलने गया था। कुछ देर बाद राज घर लौट आया, लेकिन फिर अकेले ही निकल गया।
देर रात तक उसके घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की तो गांव के पास ही तालाबनुमा गड्ढे में उसका शव मिला। ग्रामीणों ने बताया कि लखनऊ निवासी युवक ने गांव में स्कूल निर्माण के लिए करीब 25 बीघे जमीन खरीदी है। प्लाट में मिट्टी भरवाने के लिए कई जगह खुदाई कराई गई, जिससे गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश का पानी भरने से ये गड्ढे जानलेवा हो गए हैं। घटना से मां सुशीला का रो-रोकर बुरा हाल है।