Etawah: युवक पर हुआ था जानलेवा हमला, पुलिस के हत्थे चढ़ दो आरोपी, SSP ने 10-10 हजार का इनाम किया था घोषित
Etawah Crime News: सैफई थाना क्षेत्र में 10 मार्च को घर में घुसकर दो बदमाशों ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया था। मामले में एसएसपी ने दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
विस्तार
इटावा जिले में सैफई पुलिस ने युवक पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर एसएसपी ने 10-10 हजार का इनाम घोषित किया था। इन दोनों आरोपियों ने अपने एक साथ के साथ मिलकर 10 मार्च को घर में घुसकर युवक पर लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की थी।
एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। लाइसेंसी बंदूक भी जब्द की जा चुकी है। सैफई के ग्राम नगला बिहारी निवासी रणधीर ने 10 मार्च को मुकदमा दर्ज कराया था कि वह उधारी के रुपये मांगने के लिए गांव के ही सत्येंद्र के पास गया तो उसने पैसे देने से मना कर दिया।
इसके बाद सत्येंद्र अपने मित्र राहुल और उसके चाचा गिरीश चंद्र के साथ घर आया। राहुल के हाथ में चाचा की लाइसेंसी बंदूक थी। इन लोगों ने पहले गाली गलौज की और फिर राहुल ने जान से मारने की नियत से उस पर बंदूक से चार फायर कर दिए।
लाइसेंसी बंदूक, 13 जिंदा कारतूस और चार खोखे भी बरामद
तहरीर के आधार पर पुलिस ने जानलेवा हमला समेत कई धाराओं में तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने गिरीश चंद्र निवासी नगला बिहारी को गिरफ्तार कर लिया था। उसके पास से लाइसेंसी बंदूक, 13 जिंदा कारतूस और चार कारतूसों के खोखे भी बरामद किए थे।
फरार आरोपियों पर 10-10 हजार का था इनाम
कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया था। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बाकी दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगी थीं। 31 मार्च को दोनों फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। छह अप्रैल को सैफई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली।
पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा
इसके आधार पर पता चला कि दोनों फरार आरोपी राहुल और सत्येंद्र उझियानी चौराहे के पास मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी करके दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में एसओ सैफई यशवंत सिंह, उपनिरीक्षक बृजेश कुमार व सुबोध कुमार शामिल रहे।