Chitrakoot Accident: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक और बाइक की भिड़ंत, एक की मौत और दूसरा गंभीर
Chitrakoot News: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ट्रक की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तेज रफ्तार से भागते ट्रकों की गति पर कोई नियंत्रण न होने की बात कही है।
विस्तार
चित्रकूट जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार की देर शाम को तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने बाइक पर टक्कर मार दी। बाइक सवार दो दोस्त छिटककर दूर जा गिरे। घटना के बाद चालक ट्रक छोडक़र भाग निकला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया।
इसमें एक की मौत हो गई है। जानकारी होते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बांदा देहात कोतवाली अंतर्गत जौरही गांव निवासी दिलीप मिश्रा (42) पुत्र त्रिभुवन ने बताया कि वह और उसका दोस्त जौरही बांदा निवासी शिवम कुमार अलग अलग प्राइवेट कंपनी में कार्य करते हैं।
दोनों गुरुवार को बाइक से कंपनी के ही काम से बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के रास्ते से चित्रकूट आ रहे थे। देर शाम लगभग साढ़े सात बजे जैसे ही भरतकूप थाना क्षेत्र के पुल के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार से आए ट्रक ने बाइक पर टक्कर मार दी।
दोनों को सीएचसी लेकर पहुंचे थे
इससे दोनों बाइक समेत छिटककर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए। अन्य राहगीरों की सूचना पर भरतकूप थाना प्रभारी सूबेदार ङ्क्षबद टीम के पास पहुंचे और दोनों को सीएचसी में लाकर भर्ती कराया। ट्रक कुछ दूर जाकर एक्सप्रेस वे किनारे जाकर रेलिंग से टकरा गया।
हादसे के बाद चालक फरार
चालक ट्रक छोडक़र भाग निकला। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक व ट्रक को एक्सप्रेस वे से हटवाकर यातायात यथावत कराया। स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक चालक हेलमेट पहने था। इससे उसके सिर पर हल्की चोट आई लेकिन शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोट आई है।
दूसरे साथी की हालत बेहद गंभीर
थाना प्रभारी ने बताया कि सीएचसी शिवरामपुर में दोनों को भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान डाक्टरों ने शिवम के मौत की पुष्टि की है। दूसरे दिलीप की हालत बेहद नाजुक बनी है। उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने पहचान के बाद घटना की जानकारी घायल व मृतक के परिजनों को दी है।