Hamirpur: ट्रैक्टर-ट्राली पलटी…दबकर चालक की मौत, अवैध खनन कर ला रही थी मौरंग, पिता ने लगाया ये आरोप
Hamirpur News: भरुआ सुमेरपुर थानाक्षेत्र में अवैध खनन कर ला रही ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। इसमें दबकर चालक की मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम से इन्कार कर दिया है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में भरुआ सुमेरपुर थानाक्षेत्र के सिसोलर मार्ग में बालू से भरा ट्रैक्टर ट्राली पलट जाने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, परिजन किसी अज्ञात वाहन से टक्कर से घायल होने की बात कह रहे है।
मुस्करा थानाक्षेत्र के हुसैना गांव निवासी पवन (19) पुत्र हेतराम अपने बक्क्षा निवासी बहनोई का ट्रैक्टर चलाता है और वह अवैध खनन कर मौरंग को कस्बे में सप्लाई करता है। मंगलवार की रात भी यह अवैध खनन कर मौरंग भर कर कस्बे की ओर रहा था। तभी रात करीब एक बजे पचखुरा खुर्द के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली पलट गई।
इससे चालक पवन गिरकर घायल हो गया। उसने एम्बुलेंस को फोन करके बुलाया। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आई। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने कार्रवाई के लिए पुलिस को मेमो भेजा। इस पर पुलिस ने शव का पंचायतनामा करके परिजनों को सौंप दिया।
शव का पोस्टमार्टम नहीं करा रहे हैं परिजन
वहीं, मृतक के पिता हेतराम ने बताया कि उसका पुत्र अपनी बहन से नाराज होकर पैदल आ रहा था। तभी किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं करा रहे हैं। इसलिए पंचायतनामा करके शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।