Orai: साले की शादी...जीजा को चपत, सूने घर से जेवरात और नकदी ले उड़े चोर, दरवाजे का ताला टूटा देख उड़े होश
Orai News: सूचना पर कोतवाल अखिलेश द्विवेदी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से देखे। कोतवाल का कहना है कि चोरी का जल्द ही खुलासा कर लिया जाएगा।
विस्तार
उरई के माधौगढ़ कस्बे में एक जीजा साले की शादी में रिश्तेदारों के साथ शामिल होने गया था। वहीं, सूने घर से चोरों ने दरवाजे की कुंडी काटकर कमरे में रखे गृहस्वामी सहित तीन रिश्तेदारों के आभूषण व नकदी पार कर ले गए। कुठौंद थाना क्षेत्र के किरवाहा गांव निवासी संतराम दोहरे के पुत्र पंकज दोहरे की बरात बुधवार को कस्बा के अमृता पैलेस में आई थी।
समारोह में शामिल होने के लिए पंकज दोहरे के जीजा मोहल्ला मालवीय नगर निवासी हरीबाबू दोहरे,पत्नी विनीता, खकसीस निवासी रिश्तेदार अनीता दोहरे व रिश्तेदार जालौन कोतवाली क्षेत्र के इकहरा निवासी शिल्पी दोहरे आई थीं। सभी अपने सामान से भरा बैग हरीबाबू के घर पर रखकर 200 मीटर दूर बने अमृता पैलेस चली गईं।
उसी दौरान हरीबाबू के मकान में ताला लगा देख चोरों ने देर रात कुंडी काटकर अलमारी में रखे 18 हजार रूपये, सोने की चार चूड़ी, जंजीर, दूसरे कमरे में रिश्तेदार अनीता देवी के बैग में रखे 10 हजार नगद, एक जोड़ी पायल, शिल्पी के बैग में रखे 30 हजार नगद, एक जोड़ी कुंडल, पायल व मोबाइल चोर ले गए।
कोतवाल बोले- जल्द ही खुलासा कर लिया जाएगा
शादी समारोह के बाद देर रात हरीबाबू रिश्तेदारों के साथ घर लौटे, तो दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। घर के अंदर पहुंचने पर देखा की आंगन में बिखरा सामान पड़ा है। सूचना पर कोतवाल अखिलेश द्विवेदी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से देखे। कोतवाल का कहना है कि चोरी का जल्द ही खुलासा कर लिया जाएगा।