सिपाहियों का प्यार चढ़ा परवान: पांच साल के प्रेम प्रसंग के बाद होने वाली थी शादी, फिर हो गई तकरार, सीओ ने कराया समझौता
सिपाहियों में प्रेम प्रसंग की शुरूआत प्रशिक्षण के दौरान हुई थी। दोनों के परिजन शादी के लिए भी राजी हो गए थे, लेकिन कुछ समय बाद सिपाही ने पारिवारिक बताकर शादी के लिए मना कर दिया। इसकी शिकायत महिला सिपाही ने एसपी से की। एसपी के निर्देश पर सीओ ने परामर्श केंद्र से दोनों के बीच समझौता करा दिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में महिला सिपाही का सिपाही से प्रेम आखिर परवान चढ़ा और तमाम शिकवों-शिकायतों के बाद अब दोनों शादी के लिए भी राजी हो गए हैं। 15 मई को दोनों पुलिस लाइन में ही फेरे लेंगे। इसके लिए दोनों सिपाहियों ने शपथ पत्र भी दिया है। थाना राजेपुर कस्बा निवासी पूजा वर्ष 2016 में पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर भर्ती हुई थी। प्रशिक्षण के बाद उसकी तैनाती जनपद झांसी में 2017 में हुई।
ट्रेनिंग के दौरान ही पूजा के प्रेम संबंध जनपद औरैया निवासी सिपाही प्रांशु से हो गए। दोनों के परिजन भी शादी के लिए राजी हुए, तो साल 2021 में गोद भराई की रस्म धूमधाम से हुई। इसके कुछ समय बाद ही प्रांशु ने पारिवारिक कारण बताकर शादी करने से मना कर दिया। उसने पूजा से फोन पर बात करना भी बंद कर दिया, जबकि पूजा प्रांशु से ही शादी करने की जिद पर अड़ी रही।
दस दिन पूर्व पूजा व उसके पिता ने एसपी अशोक कुमार मीणा को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी ने इस मामले में सीओ अजेय कुमार शर्मा को जांच कर परिवार परामर्श केंद्र में मामले को सुलझाने के आदेश दिए। सीओ ने पूजा व प्रांशु के अलावा उनके परिजनों को बुलाकर बात की और शादी में आने वाली कठिनाई के बारे में पूछा। दोनों परिवारों से बातचीत के बाद पूजा व प्रांशु शादी करने के लिए राजी हो गए।
रविवार को दोनों ने पुलिस लाइन में शादी करने पर सहमति जता दी,, लेकिन प्रांशु के परिजन किसी कारणवश नहीं आ पाए। सीओ अजेय कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों शादी करने के लिए राजी हैं। अगर सिपाही प्रांशु शादी करने से मना करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।