UP: बंदी को ही थमा दी जेल की बगिया की चाबियां, लड़की के अपहरण का आरोपी फरार, पांच बंदी रक्षक निलंबित
Etawah News: एसएसपी ने बताया कि जांच में बंदी रक्षकों की लापरवाही सामने आई है। आरोपी की तलाश के लिए चार टीमें लगाई गई है। जल्द ही उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विस्तार
इटावा जिले में शनिवार को जिला कारागार में बंदी रक्षकों की बड़ी लापरवाही सामने आई। बगिया में काम करने के बाद बंदी रक्षक ने एक बंदी को ही ताला लगाने के लिए चाबियां सौंप दीं। बंदी जेल के बाहर प्रेमिका और उसके अन्य साथियों के सहयोग से भागने में सफल हो गया।
कई घंटे बाद जिला प्रशासन को मामले की सूचना दी गई। प्रथम दृष्टया लापरवाही में पांच बंदी रक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। औरैया जिले के बिधूना थाना क्षेत्र के जरियापुर गांव निवासी अजय कुमार को लड़की अगवा करने के मामले में औरैया पुलिस ने गिरफ्तार कर 27 अक्तूबर 2023 को जिला कारागार भेजा था।
शनिवार शाम लगभग 4.30 बजे बंदी अजय को जेल की बगिया में अन्य बंदियों के साथ काम कराने के लिए ले जाया गया था। बताते हैं कि एक बंदी रक्षक ने अजय को ही बगिया में ताला लगाने की चाबी दे दी। मौका पाकर आरोपी जेल से फरार हो गया। शाम को बंदियों की गिनती के समय अजय नहीं मिला।
दो-तीन दिन से एक महिला युवक से मिलने जेल आ रही थी
काफी देर तक उसका कुछ पता न चलने पर जिला प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने जेल पहुंचकर जानकारी ली। उन्होंने सभी बंदी रक्षकों से पूछताछ की। इसमें बंदी रक्षकों की लापरवाही की बात सामने आई। वहीं पता चला कि दो-तीन दिन से एक महिला युवक से मिलने जेल आ रही थी। अंदेशा है कि उस महिला की मदद से आरोपी भागा है।
जांच में बंदी रक्षकों की लापरवाही सामने आई है
वह महिला आरोपी की प्रेमिका बताई जा रही है। फतेहगढ़ केंद्रीय कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक पीएन पांडे ने बंदी रक्षक श्रीकांत अवस्थी, सचिन कुमार, संजू यादव, चिन्मय काका और केशव कुमार निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने बताया कि जांच में बंदी रक्षकों की लापरवाही सामने आई है। आरोपी की तलाश के लिए चार टीमें लगाई गई है। जल्द ही उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बगिया में लगते हैं दो ताले, चाबियों के बारे में नहीं दे सका कोई जानकारी
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने ड्यूटी पर तैनात बंदी रक्षकों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि बगिया के दरवाजे में अंदर और बाहर दोनों तरफ से एक-एक ताला लगता है। चाबियों के बारे में जानकारी करने पर कोई सही जवाब नहीं दे सका। ऐसे में माना जा रहा है कि आरोपी बंदी चाबियां लेकर ही फरार हो गया है।
लापरवाह बंदी रक्षकों के खिलाफ कार्रवाई, भागने के रास्ते हो रही तलाश
जेल अधीक्षक कुलदीप सिंह भदौरिया ने बताया कि सुबह बगिया में बंदी अजय गया था। उसके बाद वह लौटकर नहीं आया। जानकारी होने पर पहले उसकी जेल परिसर में ही तलाश कराई गई। यहां उसका कुछ पता नहीं चलने पर जिला प्रशासन और उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई थी। पांच बंदी रक्षकों का निलंबन किया गया है। अभी वह कहां से और किस तरह भागा है। इस बारे में पर्याप्त सबूत नहीं मिल सके हैं। जांच कराई जा रही है।