Kanpur: खेतों में लगी आग स्कूल तक पहुंची, कर्मी झुलसा...बच्चों ने बाहर निकलकर बचाई जान, दमकल ने पाया काबू
Kanpur News: नवाबगंज थानाक्षेत्र के आम्रपाली विहार में खेतों में आग लग गई। वहीं, तेज हवा से आग ने स्कूल को भी चपेट में ले लिया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विस्तार
कानपुर में नवाबगंज इलाके के आम्रपाली विहार के खेतों में आग लग गई। तेज हवा के झोंके से कुछ ही देर ने फैल गई गई और लपटों ने स्कूल के पीछे से बोर्ड और गेट को चपेट में ले लिया। स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को आग से बचाने के लिए आनन-फानन सकुशल बाहर निकाला और अभिभावकों को सूचना दी।
वहीं, दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद डेढ़ घंटे में आग पर काबू पा लिया। आग को बुझाने के दौरान स्कूल कर्मी झुलस गया। नवाबगंज के मैनावती मार्ग पर आम्रपाली विहार श्री गोपाल जी धाम मंदिर श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर के बगल में खेतों में आग लग गई। सूचना पहुंचे दमकलकर्मियों ने मौके पर देख, तो आग खेत में तेजी से फैल रही थी।
साथ ही, पास के ही खेत मे भूसे का ढेर था। मौके की नजाकत देखते हुए तीन हौज फैलाकर आग को चारों तरफ से घेरकर करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया और खेत मे रखे भूसे को सुरक्षित बचाया। वहीं, जीडीएस स्कूल के संचालक अशोक कुमार अवस्थी ने बताया कि उन्होंने इसी अप्रैल माह में स्कूल की शुरूआत की है।
सबमर्सिबल चलाकर आग बुझाने की कोशिश की
इसके कारण अभी मात्र सात बच्चों ने एडमीशन कराया है। इसमें से भी चार बच्चे आज आए नहीं थे। बताया कि वह लोग बच्चों को पढ़ाने में व्यस्त थे। इसी दौरान बगल के खेतों में धुएं के साथ लपटें देखी तो अफरातफरी मच गई। आनन-फानन उन लोगों ने सबमर्सिबल पंप चलाकर आग बुझाने की कोशिश की।
निजी अस्पताल में कराया गया इलाज
इसी दौरान लपटों ने पीछे से स्कूल के बोर्ड और गेट को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि दमकल की गाड़ी का पानी खत्म हो गया। इस दौरान पड़ोसियों ने घर से पाइप के माध्यम से उन लोगों की मदद की। स्कूल की आग बुझाने में प्रबंधन के डीपी सिंह दोनों हाथों से झुलस गए। उनका निजी अस्पताल में इलाज कराया गया।
महाराजपुर में खेत और पेड़ में लगी आग
महाराजपुर में यूपीएसआईडीसी रूमा स्थित खेत में आग लग गई। सूचना पर फायर स्टेशन जाजमऊ से एक गाड़ी लेकर दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। इसी प्रकार हाथीपुर गांव में पेड़ों में आग लग गई। लपटों ने पौधों व पतवार को चपेट में ले लिया।
दमकलकर्मी दो गाड़ियां लेकर मौके पर पहुंचे
जाजमऊ और नर्वल फायर स्टेशन से पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग बुझाई। इसी तरह प्रेमपुर गांव में खेत में आग लगी। फायर स्टेशन जाजमऊ से दमकलकर्मी दो गाड़ियां लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। सुभौली गांव के छतमारा में घूर में लगी आग को जाजमऊ से पहुंचे दमकलकर्मियों ने बुझाया।