झोपड़ी उजाड़...परिवार किया बेदखल: महिला को बेरहमीं से पीटा, जातिसूचक गालियां दीं, दो दरोगा समेत नौ पर रिपोर्ट
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में दबंगों ने एक झोपड़ी उजाड़ कर परिवार को बेदखल किया। वहीं, महिला के साथमारपीट कर जातिसूचक गालियां भी दीं। मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा लिखा है। इसमें दो दरोगा, कानूनगो, लेखपाल, समेत नौ पर छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में बीस साल से झोपड़ी डालकर परिवार के साथ रह रही एक महिला के साथ मारपीट, छेड़़छाड़ कर झोपड़ी फेंक दी गई। पीड़िता ने कोर्ट के आदेश पर कानूनगो, लेखपाल, दो दरोगा समेत नौ लोगों पर छेड़़छ़ाड़, मारपीट और एससीएसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
मऊदरवाजा थाने के पुरानी चुंगी स्थित एक जमीन पर 20 साल से झोपड़ी डालकर बच्चों के साथ रह रही महिला ने क्षेत्रीय कानूनगो, लेखपाल, सिपाही योगेश सिंह, दो दरोगा, भीकमपुरा के राजेंद्र, ढुइया के ईशु, इसरार, भोपतनगला के श्याम समेत नौ लोगों पर कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया।
कहा कि वह बीस साल से झोपड़ी डालकर रह रही थी। 11 नवंबर 2022 को आरोपियों ने सुबह नौ बजे गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। अश्लील हरकतें कर जबरन झोपड़ी उजाड़ दी। सामान भी सड़क किनारे फेंक दिया। यही नहीं कब्जा रोकने का प्रयास करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुरानी रंजिश में मारपीट कर किया घायल
मऊदरवाजा थाने के गांव नटनगला अवाजपुर निवासी फाल सिंह ने गांव के ही मंगल, जसरथ, सुमन पर मुकदमा दर्ज कराया। कहा कि सोमवार शाम गांव में ही दावत देने गया था। रास्ते में आरोपियों ने पुरानी रंजिश में मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने डॉक्टरी परीक्षण कराया है।
घटना के 18 दिन बाद मारपीट की रिपोर्ट
मऊदरवाजा थाने के गांव अर्रापहाड़पुर निवासी उमेश चंद्र ने गांव के ही नीलेश, सुनील, पप्पू, अवनीश, दीपू, अरविंद, राजेश कठेरिया और दो अज्ञात पर घर में घुसकर धारदार हथियार से घायल करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उसने बताया कि 24 फरवरी को दिन में आरोपियों ने दुकान पर बैठे भतीजे पवन को पीट दिया था। रात को आरोपी घर में घुस आए और उसके अलावा भाई करू व पुत्र लोकेश को गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।