Farrukhabad: प्रेम प्रंसग में युवक की हत्या का मामला, पुलिस के हाथ नहीं लगा सुराग, युवती को छोड़ने की तैयारी
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने के मामले में पुलिस के हाथ अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। वहीं, युवती को पूछताछ के बाद छोड़ने की तैयारी है, जबकि परिजनों का अब तक कुछ पता नहीं है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में प्रेम प्रंसग में युवक की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने के मामले में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। पुलिस युवती से पूछताछ कर उसको छोड़ने की तैयारी कर रही है, लेकिन उसके परिजन पुलिस को नहीं मिल रहे हैं।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नेकपुर कलां निवासी सूरज यादव (20) की प्रेम प्रंसग में गुरुवार रात हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया था। शुक्रवार सुबह शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया था। मां पूनम देवी ने युवती के चार परिजनों व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
इसमें आरोप लगाया कि 13 दिन पहले सूरज उसकी पुत्री को अपने साथ ले गया था। चौकी पर तहरीर देने पर पुलिस ने दबाव बनाया। सूरज के बड़े भाई ने युवती को उसी दिन तलाश करने परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। युवती के परिजन उसी दिन से रंजिश मान रहे थे।
उन्होंने ने ही सूरज की हत्या कर शव ट्रैक पर फेंका है। पुलिस ने युवती को हिरासत में ले लिया था, लेकिन उसके परिजन घर पर नहीं मिले। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह गुरुवार रात से अपने घर पर थी। उसको सूरज की मौत के बारे में सुबह मोहल्ले के लोगों के बताया था।
पुलिस ने युवती को छोड़ने के लिए उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई घर पर नहीं मिला। सूत्र बताते हैं कि युवती ने हिरासत के बाद से थाने में न तो खाना खाया और न ही पानी पिया है। इसके चलते पुलिस भी उसको परिजनों व रिश्तेदारी में सुपुर्द करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के बयान दर्ज करने के बाद नए सिरे से छानबीन करने जुटी है। बता दें कि कोतवाली क्षेत्र में 12 दिन पहले मोहल्ला नेकपुर कलां निवासी सूरज यादव (21) मोहल्ले की एक युवती को लेकर चला गया था।
परिजनों के दबाव बनाने पर उसी दिन युवती वापस आ गई थी। इसके बाद से युवती के परिजन युवक को तलाश कर रहे थे। इसकी वजह से युवक भी अपने घर से फरार था। शुक्रवार सुबह घर से करीब पांच सौ मीटर दूरी पर युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला था।