गायब छात्रा की लाश मिलने से हड़कंप: एक्सप्रेसवे पर कुचला पड़ा था शव, परिजन बोले- प्रेमी ने हत्या कर फेंका है
Kannauj Crime: सीओ ने प्रभारी निरीक्षक को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। पुलिस अब कई बिंदुओं पर मामले की पड़ताल कर रही है। फोरेंसिक टीम ने जांच करते हुए सैंपल लिए हैं।
विस्तार
कन्नौज जिले में सौरिख क्षेत्र के नगला कन्हई गांव निवासी पिछले तीन दिनों से लापता 17 वर्षीय छात्रा का शव एक्सप्रेसवे पर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने प्रेमी पर हत्या कर फेकने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सौरिख थाना क्षेत्र के नगला कन्हैया गांव निवासी मलिखान सिंह की पुत्री अंजलि सिंह (17) सौरिख कस्बा के एक विद्यालय में इंटर की छात्रा थी। 25 अगस्त को वह घर से स्कूल के लिए निकली थी और कस्बा में स्थित सहेली के मकान पर साइकिल खड़ी कर अचानक गायब हो गई।
देर शाम तक घर न पहुंचने पर घर में मौजूद मां सुघरश्री ने बाहर नौकरी करने गए पिता मलिखान सिंह और भाई सुरजीत और राकेश को मामले की जानकारी दी। पिता समेत भाई रविवार को घर पहुंचे। तभी अचानक एक्सप्रेसवे किलोमीटर 151 पर छात्र का शव कुचला पड़ा मिलने की जानकारी मिली।
परिजनों ने पहुंचकर की शिनाख्त
इससे हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे यूपीडा सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह और प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने शव को सीएचसी पहुंचाते हुए मौजूद लोगों से शिनाख्त कराई। सूचना पर सीएससी पहुंचे परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर हत्या कर फेंकने की आशंका जताई है।
कई बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना पर पहुंचे सीओ दीपक दुबे पुलिस फोर्स और फोरेंसिक टीम के साथ एक्सप्रेसवे पर घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ ने प्रभारी निरीक्षक को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। पुलिस अब कई बिंदुओं पर मामले की पड़ताल कर रही है।