Kanpur: तहसील ने 22 साल बाद भी नहीं बदला निदेशक का नाम, उद्यमियों ने उद्योग बंधु की बैठक में बताईं समस्याएं
Kanpur News: उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों ने विभिन्न समस्याओं को उठाया। सभी मामलों में डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
कानपुर में उद्योग बंधु की बैठक में सोमवार को उद्यमियों ने समस्याएं बताईं। बिल्हौर तहसील में मोहित गुप्ता मैसर्स डेल्टा प्रा.लि., महाराजपुर में स्थित भूमि के अभिलेखों में अभी तक कंपनी के पूर्व निदेशक डी.एन. गुप्ता का नाम दर्ज हैं, जबकि उनकी मौत वर्ष 2002 में हो गई थी। नाम बदलवाने के लिए कई बार प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन जिम्मेदारों ने अभिलेखों में नाम नहीं बदला। जिलाधिकारी ने बिल्हौर तहसीलदार को तुंरत कार्रवाई कर नाम परिवर्तित करने के निर्देश दिए।
सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक की गई। बैठक में जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली कटौती, जल भराव, अतिक्रमण, पार्कों में ग्रीन बेल्ट स्थापित करने आदि समस्याओं पर चर्चा की गई। घाटमपुर ब्लॉक के मऊनखत गांव निवासी अमित पुष्कर ने बताया कि यूपी इन्वेस्ट की एनएलएस की योजना के अंतर्गत हो रहे इकाई के निर्माण में कुंछ दबंग आए दिन बाधा पहुंचाते हैं।
सड़कों पर जल निकासी समेत अन्य समस्याओं को बताया
इस पर जिलाधिकारी ने घाटमपुर एसडीएम और पुलिस को कार्रवाई करने को कहा। आईआईए की ओर से पनकी साइड-5 उद्योग परिसर को जाने सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से न करने की शिकायत की गई। दादा नगर से लेकर पनकी साइट-1,2,3 में कई जगह पर कबाड़ियों के कब्जा करने की भी शिकायत आई। लघु उद्योग भारती की तरफ से बजरंग बली औद्योगिक क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों पर जल निकासी, अवैध अतिक्रमण एवं स्ट्रीट लाइट लगाने संबंधी समस्याओं को बताया।
डीएम ने अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए
चकेरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन की ओर से औद्योगिक क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइट न होने की शिकायत की गई। सभी मामलों में डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला उद्योग केंद्र सुधीर कुमार, अपर नगर आयुक्त, क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपीसीडा समेत विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।