बांदा। नरैनी कोतवाली क्षेत्र में आरोपी ने एक पेट्रोल पंप पर बाइक पर पिता के साथ पीछे बैठी किशोरी से छेड़छाड़ की थी। पीड़ितों की तरफ से मामले में तहरीर नहीं दी गई थी। छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने घटना को संज्ञान लिया था। इसके बाद आरोपी की पहचान कर पुलिस ने खुद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद घर का अवैध अतिक्रमण गिराने की कार्रवाई की गई है।
27 जनवरी (शुक्रवार) के दिन नरैनी-कालिंजर रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर पिता के साथ बाइक में बैठकर पेट्रोल भराने आई किशोरी के साथ छेड़छाड़ की थी। इस घटना का वीडियो उसी दिन वायरल हुआ था। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा था कि एक व्यक्ति अपनी बाइक में पेट्रोल भरा रहा है। बाइक में उसकी बेटी बैठी है। तभी पेट्रोल पंप पर बाइक सवार एक युवक पहुंचा।
उसने बाइक से उतरते ही दूसरी बाइक पर पीछे बैठी किशोरी से छेड़छाड़ की। इसका विरोध करते हुए किशोरी ने मुड़कर आरोपी का हाथ पकड़ा। वह हाथ छुड़ाते हुए अपने साथी के साथ बाइक से चला गया। इस कुकृत्य के वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने शुक्रवार की शाम पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे की जांच किए थे।
घटना के फुटेज मिलने पर सीओ नितिन कुमार के आदेश पर एंटी रोमियो स्क्वायड की आरक्षी की ओर से नरैनी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिसमें आरोपी गुढ़ाकला निवासी राजन उर्फ संदीप दीक्षित पुत्र रामकृपाल दीक्षित को जेल भेजने की कार्रवाई की गई थी।