UP Crime: गैर समुदाय के युवकों के साथ मिली किशोरी, RPF ने स्टेशन पर चारों को पकड़ा, LOVE-JIHAD का लगा है आरोप
Kanpur News: तीन युवकों और किशोरी को आरपीएफ सिपाही ने पकड़कर पूछताछ की, तो किशोरी ने युवकों का अपना रिश्तेदार बताया। आरपीएफ की जांच में किशोरी दूसरे समुदाय की निकली। इस बीच युवकों की पैरवी में समुदाय विशेष के दो सभासद समेत दर्जन भर लोग पहुंचे।
विस्तार
कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को घाटमपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने परिसर में घूम रहे तीन युवकों व एक किशोरी को पकड़ लिया। पूछताछ में किशोरी गैर समुदाय की निकली। जानकारी पर बजरंग दल कार्यकर्ता आरपीएफ चौकी पहुंच गए।
लव जिहाद का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग। आरपीएफ ने तीनों युवकों को स्टेशन में अनाधिकृत रूप से घूमने को लेकर कार्रवाई करते हुए पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक पतारा कस्बा निवासी राजिब बार्बर का काम करता है।
मंगलवार को वहीं की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी को लेकर घाटमपुर रेलवे स्टेशन आया था। राजिब के साथ नगर के मोहल्ला शिवपुरी पूर्वी निवासी ममेरा भाई छोटू व पचखुरा निवासी सद्दाम भी थे। स्टेशन परिसर में चारों लोग अनाधिकृत रूप से घूम रहे थे।
किशोरी ने युवकों को बताया अपना रिश्तेदार
चारों लोगों को आरपीएफ सिपाही ने पकड़कर पूछताछ की, तो किशोरी ने युवकों का अपना रिश्तेदार बताया। आरपीएफ की जांच में किशोरी दूसरे समुदाय की निकली। इस बीच युवकों की पैरवी में समुदाय विशेष के दो सभासद समेत दर्जन भर लोग पहुंचे।
आरपीएफ ने जुर्माने की कार्रवाई की
लेकिन आरपीएफ ने तीनों युवकों पर अनाधिकृत रूप से स्टेशन परिसर में घूमने के आरोप में जुर्माने की कार्रवाई कर दी। वहीं, किशोरी को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। इधर, जानकारी पर बजरंग दल के जिला संयोजक शुभम अग्निहोत्री मौके पर पहुंचे।
तीनों युवकों को पुलिस को सौंपा
उन्होंने लव जिहाद का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस को सूचना दी गई। घाटमपुर आरपीएफ चौकी प्रभारी समरजीत सिंह ने बताया कि कार्रवाई के बाद तीनों युवकों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।