Kanpur: टाटा लैब तैयार…प्रशिक्षण शुरू होने की राह में रोड़ा, अत्याधुनिक लैब का निर्माण पूरा, जिम्मेदार बोले ये
Kanpur News: टाटा की ओर से अत्याधुनिक लैब को बनवाने का काम पूरा हो गया है। सिर्फ हस्तांतरण की प्रक्रिया बाकी है। इसके पूरा होने के बाद इस अत्याधुनिक प्रयोगशाला में प्रशिक्षण शुरू जाएगा।
विस्तार
कानपुर में टाटा टेक्नोलॉजिस लिमिटेड (टीटीएल) कानपुर में कौशलम केंद्र के रूप में अत्याधुनिक प्रयोगशाला विकसित कर दी है। राजकीय आईटीआई पांडुनगर में बनी इस अत्याधुनिक लैब का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। जल्द ही यहां छात्रों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, लेकिन फिलहाल हस्तांतरण की देरी प्रशिक्षण शुरू होने की राह में रोड़ा बनी है।
यहां प्लम्बर, इलेक्ट्रॉनिक, मोटर व्हीकल्स, ऑटोमोबाइल, पेंटर जैसी ट्रेडों के छात्रों को अत्याधुनिक तकनीक की मशीनों से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसजी मशीनों का सेटअप भी लग गया है। टाटा ने प्रदेश के 150 राष्ट्रीय औद्योगिक संस्थानों को अत्याधुनिक बनाने के लिए प्रदेश सरकार से करार किया है। इसके चलते टाटा प्रदेश के सभी 75 जिलों में स्थित हर दो राजकीय संस्थानों में अत्यधिक प्रयोगशाला का निर्माण करवा रहा है।
इन प्रयोगशालाओं में अत्याधुनिक मशीनों से लेकर उन पर प्रशिक्षण देने वाले शिक्षक तक टाटा टेक्नोलाजिस लिमिटेड ही उपलब्ध करवा रहा है। इनके निर्माण पर आने वाला खर्च में 87.64 प्रतिशत भागीदारी टीटीएल और 12.36 प्रतिशत भागीदारी व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग की होगी। प्रशिक्षण संबंधी कार्यों के लिए उद्योगों की मांग के अनुसार दीर्घकालीन और अल्प कालीन पाठ्यक्रम विकसित और संचालित किए जाएंगे।
नए कोर्सों के मुताबिक प्रशिक्षण देगा टीटीएल
इन नए पाठ्यक्रमों में मैकेनिक इलेक्ट्रीकल वेहिकल (ईवी), मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस कंट्रोल एंड ऑटोमेशन, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स एंड डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग टेक्नीशियन, एडवांस सीएनसी मशीनिंग और बेसिक्स अॅाफ डिजाइनर एंड वर्चुअल वेरीफिकेशन मैकेनिकल शामिल हैं। ये सभी पाठ्यक्रम युवाओं के लिए रोजगारपरक हैं। आईटीआई के प्रशिक्षकों को नए कोर्सों के मुताबिक प्रशिक्षण देने का काम भी टीटीएल करेगा।
टाटा की ओर से अत्याधुनिक लैब को बनवाने का काम पूरा हो गया है। सिर्फ हस्तांतरण की प्रक्रिया बाकी है। इसके पूरा होने के बाद इस अत्याधुनिक प्रयोगशाला में प्रशिक्षण शुरू जाएगा। -डॉ. नरेश कुमार, प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई पांडुनगर