यूपीः एक ही गांव में अचानक 24 बच्चों के बीमार होने से मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कानपुर के बिल्हौर में चौबेपुर क्षेत्र के बूढ़नपुर गांव में बुधवार की दोपहर बाद अचानक 20 से अधिक बच्चों को अचानक उल्टी व दस्त शुरू होने से हड़कंप मच गया। बीमार बच्चों को परिजनों ने निकट के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को घर भेज दिया गया। सीएचसी चौबेपुर से चिकित्सीय टीम गांव पहुंची। स्वास्थ्य कर्मियों ने बीमार बच्चों की जांच कर उन्हें दवाएं वितरित की। गर्मी को देखते हुए खान-पान पर विशेष ध्यान दिए जाने की सलाह भी ग्रामीणों को दी। इस दौरान गांव में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी कराया गया।
बूढ़नपुर गांव में बुधवार दोपहर अचानक कुछ बच्चों को उल्टी व दस्त शुरू हो गए। बच्चों को डायरिया की समस्या होने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। उल्टी व दस्त के शिकार गौरव, रजनी, अनिकेत, छवि, विराट, प्रियंका, अनुज, दिव्यांशी, काव्या, नेहा व तनु को निकट स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। जबकि उल्टी-दस्त के शिकार कुलदीप, अभिषेक, अंकित, रजनीश, राज, सुंदरम, गौरव, महेंद्र ,राज कुमार, सूरज, इंद्रेश, सोमवती, रुद्राक्ष ,अरुण और सागर का उपचार परिजनों द्वारा घर पर ही कराया गया।
बूढ़नपुर गांव में डायरिया फैलने की सूचना पर सीएचसी से चीफ फार्मासिस्ट आरके श्रीवास्तव, लैब असिस्टेंट सत्य प्रकाश, अभिषक, कुलदीप, अनीता, उषा आदि चिकित्सीय टीम गांव पहुंची। बीमार पड़े बच्चों की जांच कर उल्टी व दस्त की दवाई दिए जाने के साथ ओआरएस घोल का वितरण किया गया। गांव में अचानक इतनी बड़ी तादाद में बीमार पड़े बच्चों को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा बनी रही।
स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों से दोपहर के समय खरबूजा, तरबूज न खाने, बासी भोजन का इस्तेमाल न करने और पानी को उबालकर ठंडा किए जाने के बाद उपयोग में लाए जाने की सलाह दी। सीएचसी प्रभारी डॉ. यशोवर्धन सिंह ने बताया कि इस समय गर्मी अपने चरम पर है। खानपान में लापरवाही बरतने से उल्टी व दस्त की समस्या होते देर नहीं लगती। बताया कि प्रदूषित पानी से भी डायरिया की समस्या हो सकती है, इसके लिए ग्रामीणों से खान-पान पर विशेष ध्यान दिए जाने की बात कही गई है, साथ ही समस्या होने पर अस्पताल आने की सलाह दी गई।