Hardoi: कोचिंग पढ़कर निकले छात्रों को बेल्टों से पीटा, सीएचसी में चल रहा है इलाज, चार के खिलाफ तहरीर
Hardoi Crime: प्रभारी निरीक्षक सुरेश मिश्रा ने बताया कि घायल छात्रों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। तहरीर मिली है। घटना की वजह पता की जा रही है।
विस्तार
हरदोई जिले में सांडी कस्बे के मोहल्ला नौशहरा स्थित कोचिंग से पढ़कर निकले दो छात्रों की चार छात्रों ने पिटाई कर दी। लात-घूंसों से मारने के दौरान दोनों छात्रों पर बेल्ट भी बरसाई गईं। घटना का पता चलने पर कोचिंग संचालक के साथ बड़ी संख्या में छात्र थाने पहुंच गए और विरोध जताया।
चार लोगों के खिलाफ पुलिस को नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। देव दरबार इंटर कॉलेज के कक्षा 12 के छात्र अभय प्रताप दोहरे और सत्यम कोचिंग पढ़कर निकले ही थे कि विद्यालय के दो छात्रों समेत चार लोगों ने दोनों को पीटना शुरू कर दिया।
अचानक हमला बोले जाने से अभय और सत्यम सकते में आ गए। देखते ही देखते आरोपियों ने अभय और सत्यम को लातों से पीटना शुरू कर दिया। साथ ही, ताबड़तोड़ बेल्टें चला दीं। शोर सुनकर कोचिंग के छात्र और शिक्षक सुधीर त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए, तो आरोपी भाग गए।
छात्राओं पर फबती कसने का विरोध करने पर मारपीट
इन लोगों का आरोप है कि छात्राओं को लेकर फबती कसने का विरोध करने पर मारपीट की गई है, लेकिन अभय का कहना है कि उसने एक आरोपी छात्र की शिकायत सोमवार को स्कूल में की थी। इसी से नाराज होकर उक्त छात्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की।
जांच में जुटी है पुलिस
प्रभारी निरीक्षक सुरेश मिश्रा ने बताया कि घायल छात्रों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। तहरीर मिली है। घटना की वजह पता की जा रही है। बता दें कि श्रीदेव दरबार आश्रम इंटर कॉलेज के शिक्षक सुधीर त्रिपाठी भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के सह जिला संयोजक भी हैं। वह घर पर कोचिंग पढ़ाते हैं।