Orai: चोरी कर रहे नकाबपोश बदमाशों को टोकना पड़ा भारी, दंपती को मारी गोली…गंभीर हालत में कानपुर रेफर
Orai News: डकोर कोतवाली क्षेत्र के मकरेछा गांव में चोरी कर रहे नकाबपोश बदमाशों ने टोकने पर दंपती को गोली मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां से उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया।
विस्तार
उरई में घर के कमरे में घुसकर बक्से को तोड़ रहे नकाबपोश बदमाशों को दंपती ने टोका, तो उन्होंने फायर झोंक दिया। इससे छर्रे लगने से दोनों घायल हो गए। महिला जब उनसे भिड़ी, तो बदमाशों ने महिला के पेट में किसी नुकीली चीज से हमला कर दिया। पुत्र के चिल्लाने पर बदमाश लोगों को आता देख भाग गए। सूचना पर सीओ सहित कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
डकोर कोतवाली क्षेत्र के मकरेछा निवासी भारत सिंह अपनी पत्नी मधु व पुत्र शिवम के साथ शाम को खाना खाने के बाद कमरे में सोने चले गए थे। रात करीब एक बजे के लगभग तीन नकाबपोश बदमाश उनके घर में घुस आए। इसी दौरान वह दूसरे कमरे में रखे बक्शे को तोड़ने लगे। तभी दंपती को आहट हुई, तो वह जाग गए। जैसे ही वह चिल्लाए, तो बदमाशों ने फायर कर दिया।
पेट में किसी नुकीली चीज से किया हमला
इससे दंपती को गोली के छर्रे लग गए। इसके बाद बदमाशों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। महिला जब उनसे भिड़ने लगी, तो उन्होंने उसके पेट में किसी नुकीली चीज के हमला कर दिया। उनके चिल्लाने पर पुत्र शिवम भी जाग गया। वह बाहर भागा और अन्य लोगों को बुलाया, तो बदमाश मौके से भाग निकले।
चोर कोई सामान नहीं ले जा सके हैं
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व सीओ अर्चना सिंह ने घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां से उन्हें कानपुर रेफर किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि दंपती को गोली मारी गई है, जबकि सीओ अर्चना सिंह का कहना है कि लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल किया गया है। चोर कोई सामान नहीं ले जा सके हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है।