UP: मारपीट की सूचना पर गए पुलिसकर्मियों पर पथराव, डीजे पर डांस करने को लेकर वर-वधू पक्ष में हुआ था विवाद
चकेरी में पुलिस की लापरवाही के चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। हाल ही में चकेरी पुलिस का संरक्षण प्राप्त एटीएम हैकर गैंग द्वारा दहशत फैलाने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि गुरुवार देर रात शादी समारोह में मारपीट की सूचना पर गई पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।
विस्तार
चकेरी में पुलिस की लापरवाही के चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। हाल ही में चकेरी पुलिस का संरक्षण प्राप्त एटीएम हैकर गैंग द्वारा दहशत फैलाने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि गुरुवार देर रात शादी समारोह में मारपीट की सूचना पर गई पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। पुलिस पर हमले की सूचना पर फोर्स संग मौके पर पहुंचे एसीपी चकेरी अमरनाथ यादव ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं घटना के बाद चकेरी पुलिस दिनभर मामले को दबाने में जुटी रही।
चकेरी के अहिरवां निवासी रामचंद्र की बेटी की शादी गुरुवार को इलाके के यादव गेस्ट हाउस में थी। जिसकी बारात नर्वल के बाराधरी गांव के रहने वाले संजय लेकर आए थे। देर रात करीब एक बजे शादी समारोह में डीजे पर डांस को लेकर वर और वधू पक्ष में मारपीट हो गई। जिसकी सूचना पर पीआरवी 0419 मौके पर पहुंची। जिसमें दरोगा रघुराज बहादुर, कांस्टेबल रामानंद शुक्ला और होमगार्ड चालक विनय कुमार सिंह मौजूद थे। पुलिसकर्मियों ने डीजे बंद करवाने के बाद दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया। जिसके बाद करीब एक घंटे पुलिसकर्मी वापस लौट रहे थे।
इस दौरान रास्ते में चार अज्ञात आरोपितों ने पीआरवी पर पथराव कर दिया। इस दौरान पीआरवी में मौजूद पुलिसकर्मी किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकले। गनीमत ये रही कि हादसे में कोई भी पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। हालांकि घटना में पीआरवी 0419 का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिसकर्मियों ने घटना की जानकारी चकेरी पुलिस को दी। पुलिस पर हमले की सूचना पर एसीपी चकेरी अमरनाथ यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से चार आरोपितों को हिरासत में लिया है। वही इस मामले में जब थाना प्रभारी अंजन कुमार से जानकारी ली गई तो मामले को दबाने में जुट गए। उन्होंने बताया कि रात में गश्त के दौरान फ्लाईओवर से ईट गिरने के कारण पीआरवी का शीशा टूटा है।
अधिकारियों के आदेश पर दर्ज हुई रिपोर्ट
घटना के बाद चकेरी पुलिस मामले को दबाने में जुट गई। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आलाधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। एसीपी चकेरी अमरनाथ यादव ने बताया कि पीआरवी चालक की तहरीर पर चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ लोक सेवक पर हमला और कुचेष्ठा कर हमला कर नुकसान पहुंचने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। इसके साथ ही चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।