Sterilization Review: नसबंदी कराने में हरदोई अव्वल, CMO बोले- महिलाओं का आंकड़ा बढ़ा...पुरुष भाग रहे दूर
Hardoi News: सीएमओ ने बताया कि नसबंदी के मामलों में अधिकतर देखा जा रहा है। महिलाओं की अपेक्षा पुरुष बहुत ही कम आ रहे हैं। पुरुषों को भी नसबंदी के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा को सफल बनाया जा सकेगा।
विस्तार
जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा के पहले दिन लखनऊ स्तर पर हुई समीक्षा में प्रदेश में हरदोई सबसे अधिक नसबंदी कराने वाला जिला रहा है। दूसरे स्थान पर वाराणसी व तीसरे नंबर पर चंदौली जनपद रहा है। सीएमओ डॉ. रोहताश कुमार ने बताया कि जिले में जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा के पहले दिन जिले में 196 लोगों ने नसबंदी कराई है।
इसमें 191 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा पांच पुरुष हैं। उन्होंने बताया जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़े के पहले दिन शिविर लगाकर नसबंदी की गई। पहले दिन की प्रदेश स्तर पर हुई समीक्षा में हरदोई सबसे अव्वल रहा है। दूसरे नंबर पर वाराणसी रहा है। जहां पर 94 महिलाओं ने नसबंदी कराई है। तीसरे स्थान पर चंदौली रहा है।
जनसंख्या पखवाड़े के पहले दिन चार स्थानों पर लगे थे शिविर
सीएमओ ने बताया कि जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़े के पहले दिन 100 शैया संयुक्त चिकित्सालय नयागांव, सीएचसी संडीला, सीएससी हरपालपुर, सीएचसी शाहाबाद में नसबंदी के शिविर लगाए गए थे। इसमें लोगों को जागरूक किया जा रहा है, जिससे भागीदारी बढ़ी है। आगे भी ऐसे आयोजन किए जाएंगे।
महिलाओं की अपेक्षा पुरुष कम नसबंदी में आ रहे
सीएमओ ने बताया कि नसबंदी के मामलों में अधिकतर देखा जा रहा है। महिलाओं की अपेक्षा पुरुष बहुत ही कम आ रहे हैं। पुरुषों को भी नसबंदी के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा को सफल बनाया जा सकेगा।