Unnao Accident: बिजली के खंभे से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन की मौत और तीन घायल, शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Unnao News: मौरावां-गुरबक्शगंज मार्ग पर अकोहरी गांव के निकट शनिवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें एक तेज रफ्तार कार बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में तीन की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। सभी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
विस्तार
उन्नाव जिले में मौरावां- गुरबक्शगंज मार्ग पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से टकरा गई। घटना में तीन की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
वहीं, घायलों की हालत गंभीर देख स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, मौरावां थाना क्षेत्र के गांव भगइयाखेड़ा निवासी विनोद (40) के मामा ठकुराइन खेड़ा निवासी शिवबालक की बेटी की शनिवार को शादी थी।
विनोद अपने छोटे भाई अशोक (35) के साथ पड़ोस के ही गुड्डू का पुत्र मनीष (17), रामखेलावन का पुत्र विजय (16), गंगाप्रसाद का पुत्र महादेव (17), रामसहारे का पुत्र मिथुन (17) के साथ अपनी कार से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
पुलिस ने सभी को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया
कार अशोक चला रहा था। मौरावां-गुरबक्शगंज मार्ग पर अकोहरी गांव के निकट कार की रफ्तार तेज होने से अनियंत्रित हो गई और बिजली के पोल से जा टकराई। घटना में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सभी को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
डॉक्टर ने मनीष, विजय और विनोद को मृत घोषित कर दिया। महादेव अशोक और मिथुन की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौत की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। रविवार को पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
थानाध्यक्ष भवन सिंह ने बताया कि तेज रफ्तार कार बिजली के पोल में टकराने से घटना हुई है। सभी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। तीन लोगों की मौत होने के साथ तीन घायल हुए हैं। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की जांच चल रही है।