सहूलियत: दिवाली, छठ पूजा पर कोयंबटूर, गोरखपुर और हैदराबाद को स्पेशल ट्रेनें, ये रही पूरी जानकारी
रेलवे ने वाराणसी से गुजरात के उधना तक एक नियमित साप्ताहिक ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। ये ट्रेन कानपुर के गोविंदपुरी स्टेशन होकर चलेगी।
विस्तार
रेलवे ने दिवाली और छठ पूजा के मद्देनजर दो स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें कानपुर सेंट्रल होकर चलेंगी। ये ट्रेनें कोयंबटूर, हैदराबाद, गोरखपुर वाया कानपुर सेंट्रल चलेंगी। इनमें बुधवार से बुकिंग शुरू होगी। रेलवे अफसरों ने बताया कि स्पेशल ट्रेन 05303 हर शनिवार 8 अक्तूबर से 5 नवंबर तक चलेगी।
गोरखपुर से यह ट्रेन सुबह साढ़े आठ बजे चलकर कानपुर दोपहर 3:10 बजे आएगी और सोमवार को सुबह 7:25 बजे कोयंबटूर पहुंचेगी। वापसी में 05304 स्पेशल ट्रेन हर मंगलवार सुबह 4:40 बजे चलकर गुरुवार को रात 1:25 बजे कानपुर आकर गोरखपुर 8:35 बजे पहुंचेगी। वहीं, 02575-02576 स्पेशल ट्रेन हैदराबाद से 7 अक्तूबर तो गोरखपुर से 02576 स्पेशल ट्रेन नौ अक्तूबर को एक फेरा चलेगी।
उधना से वाराणसी वाया गोविंदपुरी चलेगी नियमित साप्ताहिक ट्रेन
रेलवे ने वाराणसी से गुजरात के उधना तक एक नियमित साप्ताहिक ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। ये ट्रेन कानपुर के गोविंदपुरी स्टेशन होकर चलेगी। ट्रेन नंबर 20961 उधना - वाराणसी सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस उधना से 11 अक्तूबर से हर मंगलवार को सुबह 7:25 बजे चलेगी। दूसरे दिन सुबह 5:30 बजे आकर पांच मिनट बाद जाएगी और वाराणसी सुबह 10:50 बजे पहुंचेगी। वाराणसी से ट्रेन 20962 पांच अक्तूबर से हर बुधवार को सुबह शाम 5:50 बजे चलेगी। गोविंदपुरी रात 10:35 बजे आकर 10:40 बजे रवाना होगी। ऊधमपुर अगले दिन रात 8:35 बजे आएगी। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि उस ट्रेन में दो एसी सेकेंड, चार एसी थर्ड, 12 स्लीपर और चार जनरल कोच होंगे। ट्रेन ग्वालियर, शिवपुरी, ,उज्जैन, रतलाम वडोदरा के रूट से चलेगी। इसके नियमित संचालन से गुजरात, मध्य प्रदेश जाने वालों को फायदा होगा।
गोरखपुर-हैदराबाद एक्सप्रेस गोमती नगर से चलेगी
एनसीआर के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि सात अक्तूबर को हैदराबाद से चलकर गोरखपुर जाने वाली 02575 हैदराबाद एक्सप्रेस गोमती नगर में टर्मिनेट होगी। इसी तरह 02576 गोरखपुर से चलने वाली एक्सप्रेस गोमती नगर से ही वापसी होगी। यह ट्रेन गोमती नगर से गोरखपुर के बीच निरस्त रहेगी।