Kanpur: दिव्यांग बेटी संग पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठा, बोला- दबंग करते हैं मारपीट
Kanpur Crime: डीसीपी पश्चिम का कहना है कि दिव्यांग के पास से तीन शिकायती पत्र बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही थानाप्रभारी कल्याणपुर को मेडिकल कराने के आदेश दिए गए हैं। जांच में यदि पुलिस कर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके भी खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर में दबंगों से परेशान कल्याणपुर के इंदिरानगर कॉलोनी निवासी दिव्यांग राजमिस्त्री अजय बाल्मीकि बुधवार को बेटी संग पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गया। इसके चलते वहां जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। दिव्यांग ने यूनिवर्सिटी चौकी में तैनात एक सिपाही पर दबंगों से सांठगांठ का आरोप लगाया है।
इसके चलते आए दिन उसके साथ दबंग उसके साथ मारपीट करते हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची कल्याणपुर दिव्यांग को मेडिकल करने ले गई। इसके साथ ही डीसीपी ने मामले में जांच एडिशनल डीसीपी पश्चिम लाखन यादव को दी है। अजय बाल्मीकि ने बताया कि तीन साल पहले उसकी पत्नी की मौत हो गई थी।
आरोप है पत्नी की मौत के बाद से अक्सर उनके पड़ोस के रहने वाले दबंग आए दिन उसे प्रताड़ित करते हैं। विरोध पर मारपीट करते हैं। जब वह मामले की शिकायत लेकर यूनिवर्सिटी चौकी पहुंचा तो पुलिस दबंगों के खिलाफ कार्रवाई के बजाए उसे ही मारा पीटा। इसके बाद शांतिभंग में जेल भेज दिया।
छेड़खानी और युवती के कपड़े फाड़ने का आरोप
आरोप है कि चौकी में तैनात सिपाही की सह पर हाल ही में दबंगों ने उस पर छेड़खानी और युवती के कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया था। जो जांच में फर्जी निकला था। इसके बाद भी पुलिस ने उसके खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई कर जेल भेज दिया था। वह पिछले तीन साल से चौकी से लेकर पुलिस कमिश्नर तक गुहार लगाई।
पुलिस कार्यालय के गेट पर धरने पर बैठा
इसके बाद भी कहीं सुनवाई नहीं हुई। इससे तंग आकर वह पुलिस कार्यालय के गेट पर धरने पर बैठ गया था। धरने के चलते कचहरी रोड़ पर जाम की स्थिति बन गई। इसबीच वहां से गुजर रहे डीसीपी सेंट्रल की नजर दिव्यांग पर पड़ गई। डीसीपी सेंट्रल प्रमोद कुमार उसे समझा बुझाकर डीसीपी पश्चिम के पास ले गए।
थाना प्रभारी कल्याणपुर को मेडिकल कराने के आदेश
जहां डीसीपी पश्चिम ने इंस्पेक्टर कल्याणपुर धनंजय पांडेय को कॉल कर पुलिस कार्यालय बुलाया। जहां से उसे मेडिकल के लिए भेज दिया गया। वहीं इस संबंध में डीसीपी पश्चिम का कहना है कि दिव्यांग के पास से तीन शिकायती पत्र बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही थानाप्रभारी कल्याणपुर को मेडिकल कराने के आदेश दिए गए हैं।