Sisamau By-Election: 48 मतदान केंद्रों पर 275 पोलिंग पार्टियां रवाना, 30 पार्टियां रिजर्व में…कल है मतदान
Kanpur News: मंगलवार की दोपहर 12 बजे से क्षेत्र के 48 मतदान केंद्रों के लिए 275 पोलिंग पार्टियां रवाना हुई हैं। एक पोलिंग पार्टी में पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय, तृतीय हैं। इसके लिए गल्लामंडी में 27 टेबल लगाई गईं हैं।
विस्तार
कानपुर में सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में मतदान से 48 घंटे पहले यानी सोमवार की शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम गया। इससे पहले प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। चुनाव प्रचार थमने से पहले तक सभी दलों ने रोड शो किया। अब मंगलवार को पोलिंग पार्टियां नौबस्ता स्थित गल्लामंडी से मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गईं।
वहीं, नौ फील्ड सपोर्ट टीमें नकदी परिवहन समेत सभी गतिविधियों पर नजर रखे हुई हैं। सीसामऊ विधानसभा के उपचुनाव में इस बार छह प्रत्याशी मैदान में है। कड़ी सुरक्षा के बीच 20 नवंबर को सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। इसके लिए 275 बूथ तैयार बनाए गए हैं। उपचुनाव के लिए 1200 मतदान कर्मिक लगाए गए हैं।
48 मतदान केंद्रों के लिए 275 पोलिंग पार्टियां रवाना
मंगलवार की दोपहर 12 बजे से क्षेत्र के 48 मतदान केंद्रों के लिए 275 पोलिंग पार्टियां रवाना हुई हैं। एक पोलिंग पार्टी में पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय, तृतीय हैं। इसके लिए गल्लामंडी में 27 टेबल लगाई गईं हैं। वहीं, करीब 30 पार्टियां रिजर्व में रखी गईं हैं। अपर जिलाधिकारी वित्त राजेश कुमार ने बताया कि गल्लामंडी में बिजली, पानी, शौचालय और सफाई की व्यवस्था पूरी तरह से करा दी गई है। समय से पार्टियों को रवाना कर दिया जाएगा।
मतदान पहचान पत्र नहीं तो ये दस्तावेज दिखाकर डाल सकेंगे वोट
एडीएम वित्त ने बताया कि मतदान के लिए सभी वोटरों को फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र दिखाना होगा। अगर फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र नहीं है तो अपना आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक, डाकघरों से निर्गत फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत निर्गत स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र व राज्य सरकार से जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र में से कोई एक पहचान पत्र दिखाकर मतदान किया जा सकेगा।
एक नजर में सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र
- 271042 कुल मतदाता
- 4921 युवा मतदाता पहली बार करेंगे मतदान
- 546 मतदाता 90 साल की उम्र से ऊपर
- 48 मतदान केंद्र
- 275 मतदान बूथ