UP: शुभम के भाई का भी आया रिजल्ट…हासिल किए 81.4% अंक, बोला- भैया होते तो माहौल कुछ दूसरा ही होता
Kanpur News: शुभम के चचेरे भाई सौमित्र ने कहा कि शुभम भैया मेरे मार्गदर्शक थे। उन्होंने मुझे ग्यारहवीं में कॉमर्स विषय लेने की सलाह दी थी।
विस्तार
आईसीएसई बोर्ड 10वीं में 81.4 प्रतिशत अंकों के साथ पास हुए शुभम द्विवेदी के चचेरे भाई सौमित्र की रिजल्ट देखते ही आंखों में आंसू आ गए। सौमित्र ने बताया कि शुभम भैया यदि आज हमारे साथ होते, तो घर का माहौल कुछ दूसरा ही होता।
रिजल्ट के पहले भैया बोलते थे कि जिस दिन रिजल्ट आएगा पास हो जाओगे…तो जो बोलोगे तुमको वह सबकुछ मिलेगा। इसके साथ ही सौमित्र ने बताया कि शुभम भैया मेरे मार्गदर्शक थे। उन्होंने मुझे ग्यारहवीं में कॉमर्स विषय लेने की सलाह दी थी।
मेरे मांगने पर दिलाई थी जैकेट
वो हमेशा व्यापारिक क्षेत्र में ही जाने की सलाह देते थे। उनके मार्गदर्शन में ही मैने ग्यारहवीं में कॉमर्स विषय की पढ़ाई शुरू की है। सौमित्र ने बताया कि इस बार मेरे जन्मदिन पर वह गिफ्ट नहीं दे पाए थे, फिर मेरे मांगने पर उन्होंने एक जैकेट दिलाई।
सबसे ज्यादा खुशी भैया मनाते
उसको अब जीवन भर उनकी याद में अपने सीने से लगाकर रखेंगे। भैया हमेशा कार्टून के नाम से मुझको पुकारते थे बहुत सारे नाम रख रखे थे। यदि आज भैया हमारे साथ होते, तो मेरे पास होने की खुशी सबसे ज्यादा वही मनाते।