Lavlesh Tiwari: शूटर जेल में...फिर कौन चला रहा है फेसबुक, नफरत फैलाने वाली डालीं आठ पोस्ट, जांच में जुटी पुलिस
Atiq Murder Case: महाराज लवलेश तिवारी (चूचू) नामक आईडी में एक पोस्ट में लिखा है- क्या आप लोग लवलेश तिवारी का समर्थन करते हैं...हां या नहीं? पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। बता दें कि लवलेश सलाखों में है, फिर भी उसके फेसबुक अकाउंट सक्रिय हैं।
विस्तार
बांदा जिले में माफिया अतीक और अशरफ हत्याकांड में शामिल बांदा का शूटर लवलेश तिवारी प्रतापगढ़ जेल में है, इसके बावजूद उसका फेसबुक अकाउंट सक्रिय है। आए दिन कोई न कोई पोस्ट की जा रही है। इनमें से ज्यादातर नफरत फैलाने वाली हैं। पुलिस ने इनकी जांच शुरू कर दी है।
शहर के क्योटरा निवासी लवलेश तिवारी के अलावा शूटर हमीरपुर निवासी सनी सिंह और कासगंज निवासी अरुण मौर्य प्रतापगढ़ जेल में हैं। महाराज लवलेश तिवारी (चूचू) के नाम से सोशल मीडिया पर चार फेसबुक अकाउंट बने हैं। इनमें से एक अकाउंट पर एक पोस्ट डाली गई है।
इसमें पूछा है कि- क्या आप लोग लवलेश तिवारी का समर्थन करते हैं। इस पोस्ट पर करीब 326 वोट्स किए गए हैं। 42 लोगों ने लाइक और छह ने कमेंट किया है। इसमें एक महिला फालोअर ने लिखा है कि- जेल में बैठे मोबाइल कैसे चला रहा है लवलेश। ऐसी कई पोस्ट की गई हैं।
अकाउंट पर दो फोटो की गई हैं शेयर
एक अन्य अकाउंट पर 24 अप्रैल को दो फोटो शेयर की गई हैं। एक में लवलेश तिवारी और दूसरे में पिता यज्ञ कुमार तिवारी और मां आशा तिवारी दिखाई दे रहे हैं। एक अन्य अकाउंट में 19 अप्रैल को भी यही दोनों फोटो शेयर की गई हैं। एक फेसबुक अकाउंट लॉक है।
अन्य एकाउंट पर डाली हैं आठ पोस्ट
एक अन्य फेसबुक अकाउंट में सोमवार को एक साथ एक के बाद एक आठ पोस्ट शेयर की गई हैं। इनमें ज्यादातर नफरत फैलाने वाली हैं। एसपी अभिनंदन का कहना है कि लवलेश तिवारी के फेसबुक अकाउंट की जांच की जाएगी। पता किया जाएगा कि इन अकाउंट को कौन चला रहा है।
जल्द पता चलेगा, कौन कर रहा है ड्राइव
वहीं, लोगों का मानना है कि उसके नाम की आईडी को कोई दूसरा हैंडल कर रहा है। यह कोई बड़ी साजिश हो सकती है। पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। एसपी अभिनंदन का कहना है कि लवलेश तिवारी के फेसबुक अकाउंट की जांच की जाएगी। पता किया जाएगा कि कौन ड्राइव कर रहा है।