SGST Raid: इस्पात कंपनी के दो प्रतिष्ठानों पर छापा, 20 घंटे चली कार्रवाई…पकड़ी कर चोरी, 7.47 करोड़ जमा कराए
Kanpur News: चौडगरा स्थित फैक्टरी और फजलगंज स्थित मुख्यालय में एसजीएसटी ने छापा मारा। इस दौरान कर चोरी पकड़ी और बोगस खरीद पर आईटीसी लेने की जानकारी भी हुई। 20 घंटे चली कार्रवाई के बाद कंपनी ने 7.47 करोड़ जमा कराए हैं।
विस्तार
कानपुर में एसजीएसटी एसआईबी के अफसरों की आठ टीमों ने आयरन-स्टील निर्माता कंपनी पानेम स्टील प्राइवेट लिमिटेड के दो प्रतिष्ठानों पर सोमवार को छापा मारा। मंगलवार सुबह तक करीब 20 घंटे की कार्रवाई के बाद बड़े पैमाने पर कर चोरी पकड़ी। कंपनी बिक्री जमकर कर रही थी, लेकिन कर नहीं चुका ही थी। बोगस खरीद पर आईटीसी भी ली गई। इस पर कंपनी संचालकों ने 7.47 करोड़ रुपये जमा कराए।
एसजीएसटी के संयुक्त आयुक्त एसआईबी मुकेश चंद्र पांडेय की अगुवाई में संयुक्त आयुक्त शैलेश कुमार, डिप्टी कमिश्नर राजेश कुमार सिंह, विवेक उपाध्याय, रामेंद्र रत्नसिंह और उनकी टीमों ने सोमवार सुबह कंपनी के फतेहपुर चौडगरा स्थित फैक्ट्री और कानपुर के फजलगंज स्थित मुख्यालय में एक साथ छापा मारा था। 30 से ज्यादा अफसरों की टीमों ने जांच-पड़ताल की।
खरीद-बिक्री में अनियमितता मिलने के बाद हुई कार्रवाई
जांच में पता चला कि कंपनी संचालकों ने बोगस खरीद पर आईटीसी क्लेम की, स्टाक में बड़े पैमाने पर अंतर मिला। इसी तरह जीएसटीआर एक और तीन बी में अंतर मिला। ई-वे बिल के दुरुपयोग के दस्तावेज मिलने के बाद छापा मारा गया। टीमों ने बड़े पैमाने पर दस्तावेज जब्त किए हैं। आगे की कार्रवाई चल रही है। एसजीएसटी के अपर आयुक्त ग्रेड एक शशांक मिश्रा ने बताया कि संचालकों ने 3.92 करोड़ नकद, 3.55 करोड़ की क्रेडिट समेत 7.47 करोड़ जमा किया है। आईटीसी, रिटर्नों और खरीद-बिक्री में अनियमितता मिलने के बाद कार्रवाई की गई।