UP: आजमगढ़ के बाद बांदा में शिक्षक पर संगीन आरोप, स्कूल में तबीयत बिगड़ने से हुई थी मौत, जानिए पूरा मामला
Banda: महिला ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने भी संबंधित थाने के एसओ को जांच करने के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
आजमगढ़ में छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की घटना के बाद बांदा में भी एक महिला ने अध्यापक पर छात्रा की मौत को लेकर संगीन आरोप लगाए हैं। चार साल पहले 11 साल की मासूम की मौत हो गई थी, उसके बाद अब पीड़िता ने अध्यापक पर हत्या का आरोप लगाया है।
उसने कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी को ज्ञापन सौंपा है। थाना गिरवां के लोधनपुरवा मजरा सैता स्योढा की रहने वालीं ममता देवी ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वर्ष 2019 में सात अगस्त को उसकी बेटी रोशनी की स्कूल में तबीयत बिगड़ गई थी। उसे उल्टियां हो रही थीं।
वह कक्षा पांच की छात्रा थी और स्कूल के ही एक अध्यापक के उत्पीड़न से परेशान थी। आरोप है कि वह शिक्षक उसकी बेटी को धमकाकर रखता था और उसके साथ उसका व्यवहार ठीक नहीं था। तबीयत बिगड़ने पर रोशनी को बांदा अस्पताल लेकर आए।
आरोपी शिक्षक के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग
रास्ते में बेटी ने पूछने पर बताया कि उसे शिक्षक द्वारा जबरन दूध पिलाया गया और उसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। शव का पोस्टमार्टम घटना के दूसरे दिन आठ अगस्त को हुआ था। महिला ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।