Kanpur: 79 करोड़ से चमकेगा रूमा औद्योगिक क्षेत्र, बनेंगे 200 कौशल विकास केंद्र, जल्द लगेगा दूसरा प्लांट
Kanpur News: यूपीसीडा के महाप्रबंधक संदीप चंद्रा ने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों को अटल इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन योजना के तहत विकसित किया जाएगा। रूमा औद्योगिक क्षेत्र में करीब 79 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के रूमा औद्योगिक क्षेत्र में सड़कें चमकेंगी। हाईमास्ट से उजाला होगा और 200 काैशल विकास केंद्र खोले जाएंगे। ये सारे विकास कार्य अटल इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन योजना के तहत उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) कराएगा। इसमें करीब 79 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
यहां एक और ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) पुराने औद्योगिक क्षेत्रों को सुविधाओं से सुसज्जित करने जा रहा है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश के छह औद्योगिक क्षेत्रों को चुना गया है। इसमें लखनऊ का अमौसी, कानपुर का रूमा, मेरठ का परतापुर, गाजियाबाद का कविनगर, इलाहाबाद का नैनी और चंदौली चुने गए हैं।
इसमें करीब 467 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें पिंक टायलेट, महिलाओं के लिए डारमेट्री, पार्क, अग्निशमन केंद्र और पुलिस चौकी का भी निर्माण किया जाएगा। इससे यहां दिन-रात सुरक्षा का अहसास होगा। पुरानी हाई मास्ट लाइटों की जगह नई सौर आधारित हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी।
पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगेंगे
सीसीटीवी कैमरे आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस तकनीक से लैस होंगे, जिससे किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि होते ही पुलिस को अलर्ट मिल जाएगा। कई जगह पब्लिक एड्रेस सिस्टम बनाए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों और आसपास के लोगों को संदेश दिया जा सकेगा। इसके अलावा, मियावाकी पद्धति से पौधारोपण कर रुद्राक्ष की बगिया विकसित की जाएगी।
ज्यादातर इकाइयां टेक्सटाइल की
जीटी रोड किनारे स्थित रूमा औद्योगिक क्षेत्र में करीब 200 से अधिक इकाइयां संचालित हैं। यहां पर ज्यादातर टेक्सटाइल से जुड़ी इकाइयां हैं, साथ ही डाइंग यूनिट और जनरल इकाइयां भी हैं। यहां पर एक ट्रीटमेंट प्लांट भी है, दूसरा प्लांट भी जल्द लगेगा।
प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों को अटल इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन योजना के तहत विकसित किया जाएगा। रूमा औद्योगिक क्षेत्र में करीब 79 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें नाली, सड़क निर्माण, लाइट कार्य के साथ उद्यमियों और कर्मचारियों के हित में कार्य होंगे। -संदीप चंद्रा, महाप्रबंधक यूपीसीडा