Kanpur: विकास कार्यों में लापरवाही पर फटकार, तीन अफसरों का वेतन रोका, जिलाधिकारी ने दी चेतावनी
Kanpur News: सीडीओ दीक्षा जैन से कहा, जो विभाग लगातार लापरवाही बरत रहे हैं, उनकी चार्जशीट शासन भेजी जाएगी। निर्देश दिया कि बिना अनुमति के कार्यदायी संस्था के संबंधित नोडल अफसर जिले से बाहर नहीं जाएंगे।
विस्तार
कानपुर में एक करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों व सीएम डैश बोर्ड के कार्यों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने जिले के सभी अधिकारियों के साथ देर शाम बैठक की। विकास कार्यों में लापरवाही पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, बिल सुधार में लापरवाही पर केस्को के अधीक्षण अभियंता और एमडीएम में का बच्चों की उपस्थिति पर सभी का वेतन रोकने के आदेश दिए।
साथ ही, अन्य अफसरों को काम में सुधार लाने की चेतावनी दी। सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित बैठक में मैस्कर घाट निर्माण कार्य, हृदय रोग संस्थान में भवन निर्माण, जयपुरिया रेलवे क्रासिंग के पास दो लेन उपरिगामी रेलवे पुल, दादा नगर के पास निर्मित रेलवे उपरिगामी सेतु के समानांतर दूसरे सेतु निर्माण, मेडिकल कालेज के प्रथम चरण के अंतर्गत विद्युत सुरक्षा संबंधित कार्यों की प्रगति समझी।
परियोजनाओं में केवल 46 ही पूरी हुईं
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग का वेतन इसलिए रोका गया कि 79 परियोजनाओं में केवल 46 ही पूरी हुईं। इससे विभाग की रैंकिंग डी श्रेणी में आई। इसी तरह मध्याह्न भोजन योजना में कम बच्चों की उपस्थिति पर जिला विद्यालय निरीक्षक का वेतन रोका गया। धन की कमी के कारण अटकी परियोजनाओं के लिए पत्र लिखने के निर्देश जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी ईशा शर्मा को दिए।
वेतन रोकने के दिए हैं निर्देश
कहा, रैंकिंग में असर को लेकर पहले से ही विभाग उन्हें अवगत कराएं। विद्युत बिल सुधार का निस्तारण समय से न होने व अधीक्षण अभियंता के उपस्थित नहीं होने पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। सहकारी दुग्ध समितियों का गठन समय से न करने व ई रैंकिंग पर महाप्रबंधक दुग्ध विकास को भी चेतावनी जारी की। सीडीओ दीक्षा जैन से कहा, जो विभाग लगातार लापरवाही बरत रहे हैं, उनकी चार्जशीट शासन भेजी जाएगी। निर्देश दिया कि बिना अनुमति के कार्यदायी संस्था के संबंधित नोडल अफसर जिले से बाहर नहीं जाएंगे।